ग्वालियर- लॉकडाउन का 18वां दिन। पुलिस का दावा- पूरा शहर लॉक लेकिन हकीकत यह है कि सुबह होते ही गलियों में सब्जी का बाजार लग जाता है। जहां लोग इकट्ठे होते हैं और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करते। दिनभर राशन की तलाश में गरीब इधर-उधर भटकते रहते हैं। राशन बांटने वाले जहां राशन बांटते हैं, वहीं लॉकडाउन टूट जाता है। सुबह बाजार में किराने की दुकान खुल जाती हैं, दूध की डेयरियों पर भीड़ जमा रहती है। यह हालात तब हैं, जब पुलिस अब बेवजह सड़क पर निकलने वालों का चालान तक काट रही है। शनिवार को पुलिस ने 489 लोगों के चालान बनाए। तीन लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई। इस दौरान 1 लाख 41 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।
तीन दिन में 2999 चालान पुलिस काट चुकी है। हर दिन 800 से 900 चालान कट रहे हैं। वहीं 3 दिन में 7 एफआईआर हो चुकी हैं, लेकिन इस सख्ती का कोई असर आम लोगों में नहीं है। खासकर गली-मोहल्लों में सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ती देखी जा सकती हैं। दिन में पुलिस जिस सड़क से गायब हो जाती वहीं लोगों की आवाजाही भी बढ़ जाती है।
19 दिन बाद भी पुलिस का डर लोगों में नहीं बैठा है। बीच-बीच में सख्ती नजर आती है, लेकिन तभी तक, जब तक अफसर मॉनीटरिंग करते रहते हैं। अफसरों का ध्यान हटते ही चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मी भी सुस्त हो जाते हैं। वहीं कार्रवाई होने के बाद भी मुनाफाखाेरी करने वाले मान नहीं रहे हैं। पुलिस हेल्पलाइन पर 40 रुपए किलो आटा देने की शिकायत के बाद पुलिस ने दो लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है।
लश्कर: सब्जी के ठेले लगे शाम को दूधिए भी आ गए
माधौगंज, मामा का बाजार, लाला का बाजार और तारागंज। रोज की तरह शनिवार को सुबह गलियों में सब्जी और फल के ठेले लग गए। यहां भीड़ लग गई। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हुआ। बीच-बीच में पुलिस का राउंड लगा तो सब्जी वाले भाग गए लेकिन पुलिस के जाते ही फिर वापस आ गए। यही हाल रायसिंह का बाग और लक्कड़खाने पर रहा। इन इलाकों में शाम 5 बजे से दूधियों का आना शुरू हो गया। शाम को भी भीड़ लगी, जबकि सुबह 6 से 9 बजे तक ही दूध बेचा जा सकता है।
पतंग बेचने वाले पर एफआईआर: रॉक्सी पुल पर रहने वाला पिंटू राठौर पुत्र प्रेम सिंह राठौर अपनी दुकान से पतंग बेच रहा था। उसकी दुकान पर भीड़ लगी थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। माधौगंज पुलिस ने उस पर एफआईआर भी दर्ज कर ली है।
थाटीपुर और मुरार: दुकानें खुलीं पुलिस देखकर भागे दुकानदार
थाटीपुर चौराहा, कुम्हरपुरा, दर्पण कॉलोनी, मुरार का सात नंबर चौराहा, एमएच चौराहा, सदर बाजार। सुबह कुछ दुकान खुल गईं। पुलिस की गाड़ी गुजरी तो दुकानदार शटर डालकर भाग गए। सब्जी के ठेले वालों में भी अफरा-तफरी मच गई। इसी तरह बहोड़ापुर पर राशन लेने के चक्कर में कुछ लोग सुबह सड़कों पर निकल आए। इन्हें पुलिस ने भगाया।
चक्की पर बिक रहा था 40 रुपए किलो आटा, दो पर एफआईआर: बहोड़ापुर के शब्दप्रताप आश्रम स्थित चक्की पर 40 रुपए किलो आटा बिक रहा था। इसकी शिकायत पुलिस हेल्पलाइन पर किसी ने कर दी। इसके बाद इस मामले में बहोड़ापुर पुलिस ने केशव विश्वकर्मा और दिलीप राजपूत पर एफआईआर दर्ज की। यह दोनों आटा की चक्की चलाते हैं।
गोला का मंदिर: 33 वाहन चालकों के चालान काटे
गोला का मंदिर पर सुबह कुछ सब्जी के ठेले आ गए। पुलिस को देखते ही यह लोग भाग गए। पुलिस ने दो ठेलों से तराजू और बांट जब्त कर लिए। किराने की दुकान का आधा शटर खुला था। पुलिस को देखकर दुकानदार शटर डालकर भाग गया। यहां पुलिस ने सुबह 8 से 10 बजे तक 33 वाहन चालकों के चालान भी काटे।
अफसरों की गाड़ी के सायरन से अलर्ट होते हैं पुलिसकर्मी : शहर के चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। यह लोग तभी अलर्ट होते हैं, जब अफसरों की गाड़ियों के सायरन की आवाज आती है। जिस दिन फ्लैग मार्च निकला, उस दिन रात में भी चेकिंग पॉइंट पर पुलिस अलर्ट थी। वैसे दोपहर होते ही पुलिस सड़क से गायब हो जाती है और लोग सड़क पर निकल आते हैं।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal