ग्वालियर/ डबरा
बच्चों को नहर में फेंकने के बाद पत्नी को पीट रहा था पति, ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया
मायके से पत्नी को लेकर अा रहे पति का रास्ते में उससे विवाद हाे गया। गुस्साए पति ने तीन छोटे-छोटे बच्चों को हरसी हाईलेवल नहर में फेंंक दिया। नहर में डूबने से 4 साल के बेटे अाैर डेढ़ साल की बेटी की माैत हाे गई जबकि 6 साल की दूसरी बेटी का अब तक सुराग नहीं लगा है। उसकी खोजबीन की जा रही है। घटना करहिया थाना क्षेत्र के ग्राम ईंटमा और मेहगांव के बीच सोमवार को शाम करीब साढ़े पांच बजे की है। बच्चों को नदी में फेंकने के बाद पति अपनी पत्नी की मारपीट कर रहा था। आसपास के लोगों ने शोर सुनकर उसे बचाया और पति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
ग्राम बनवार निवासी प्रमोद कुशवाह (32) सोमवार को छीमक के पास स्थित कोसा गांव में अपनी ससुराल गया था। वहां से शाम करीब साढ़े पांच बजे वह अपनी पत्नी पूनम कुशवाह (28) अाैर तीन बच्चों को लेकर लौट रहा था। रास्ते में ग्राम ईंटमा और मेहगांव के बीच पति-पत्नी में मायके से ले जाने को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान गुस्से में प्रमोद ने 6 साल की बेटी सिमर, 4 साल के बेटे प्रशांत अाैर डेढ़ साल की बेटी काे हरसी हाईलेवल नहर में फेंक दिया। इसके बाद वह पत्नी पूनम के साथ मारपीट करने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने चीखने की आवाज सुनी तो दौड़कर आए और पूनम को बचाया। साथ ही तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नहर से डेढ़ साल की बच्ची और प्रशांत का शव बरामद कर लिया। वहीं सिमर का अभी तक पता नहीं चला है। गोताखोर उसने खोजने में लगे हैं।
नहर का पानी बंद कराया
लापता बच्ची के शव को ढूंढ़ने के लिए पुलिस ने नहर के पानी को बंद कराया है। रात के समय नहर का पानी बंद किया गया।
एक बच्ची अभी लापता है
 पत्नी को मायके से लाते समय पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद पति ने तीनों बच्चों को नहर में फेंक दिया। दो बच्चों के शव को नहर से बाहर निकाल लिया गया है। एक बच्ची अभी भी लापता है।  महावीर सिंह परिहार, थाना प्रभारी, करहिया
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal