ग्वालियर-डबरा-
आरक्षणपदोन्नति में की मांग को लेकर भीम आर्मी द्वारा किए गए भारत बंद के आह्वान का असर शहर और कस्बों में नजर नहीं आया। सुबह से ही रोजाना की तरह बाजार खुले और दुकानों पर लोगों की आवाजाही जारी रही। इधर शहर की सड़कों पर भी सुबह से रात तक आवागमन होता रहा। भारत बंद के ऐलान के बाद पुलिस और प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तैयारी रखी। हर चौराहे और सार्वजनिक स्थलों पर फोर्स तैनात किया गया। इसके अलावा पुलिस और प्रशासन के पदाधिकारियों की गाड़ियां पेट्रोलिंग करती रही। डबरा शहर में कड़ी सुरक्षा को देखते हुए सिटी और देहात पुलिस के अलावा नजदीकी थाने गिजोर्रा, आरोन, घाटीगांव, बिलौआ आदि से फोर्स बुलाया गया था। भारत बंद के दौरान कहीं से भी किसी तरह के आंदोलन या प्रदर्शन की घटनाएं सामने नहीं आई। इधर भितरवार नगर में पुलिस के टीम व प्रशासन के पदाधिकारी पेट्रोलिंग करते रहे।
यहां बनाए गए थे सुरक्षा बल के प्वॉइंट
पुलिस की नजर में जो क्षेत्र ज्यादा सेंसेटिव थे, वहां एक पेट्रोलिंग गाड़ी के साथ ही पुलिस बल लगाया गया था। डबरा शहर में सुबह से ही पुलिस बल अलर्ट नजर आया। पिछोर तिराहा, बसस्टैंड, सिंधिया चौराहा, अग्रसेन चौराहा, अंबेडकर चौराहा, कटारिया चौराहा, मंडी गेट आदि जगहों पर सुरक्षा चेकिंग प्वॉइंट बनाया गया था। जहां पुलिस की गाड़ी दिनभर मौजूद रही। जहां एसडीएम राघवेंद्र पांडेय, एसडीओपी उमेश सिंह तोमर शहर में पेट्रोलिंग करते दिखे। भितरवार में कुछ लोगों ने अपनी दुकानें सुबह के समय बंद कर ली थी, लेकिन जब बाजार खुला नजर आया तो उन्होंने भी अपनी दुकानें खोल ली। यानी नगर में बंद का असर नजर नहीं आया। कहीं कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आए, इसे लेकर एसडीएम केके गौर, एसडीओपी शैलेंद्र सिंह जादौन, तहसीलदार कुलदीप दुबे आदि पदाधिकारी स्थिति पर अपनी नजरें गढ़ाए रहे।
पुलिस की समझाइश का दिखा असर
भारत बंद को लेकर सिटी पुलिस ने भारत बंद करने वालों को समझाइश भी दी थी कि जिले में धारा 144 प्रभावी है। अगर कहीं किसी तरह का प्रदर्शन होता पाया गया या रैली निकाली गई तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इस समझाइश का असर भारत बंद के दिन यानी रविवार को देखने मिला। शहर की सड़कों पर रोजाना की तरह माहौल था। बंद का असर न तो बाजार में दिखा और न ही लोगों के बीच नजर आया।
भारत बंद के दौरान शहर में किसी तरह की कोई अव्यवस्था प्रदर्शन सामने नहीं आया। बंद को लेकर हमने समझाइश देते हुए कहा था कि जिले में धारा 144 लगी है अगर कहीं कोई प्रदर्शन या रैली नजर आई तो कार्रवाई होगी।
-यशवंत गोयल, टीआई, शहर थाना डबरा।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal