ग्वालियर
हम लोग गाय पर राजनीति नहीं करते हैं, बल्कि उनकी पूजा करते हैं। जो वादा करते है उसे पूरा करते हैं। प्रदेश में 15 साल रही भाजपा सरकार तथा केन्द्र में बैठी भाजपा सरकार गाय पर राजनीति करती रही है। कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने से पहले वचन पत्र में जो वादा किया था वह आज पूरा हो गया हैं। गोशाला बनने से अब निराश्रित गोवंश से किसानों की फसलों को नुकसान नहीं होगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक-एक गोशाला का निर्माण कराया जाएगा। यह बात प्रदेश में पशुपालन एवं मत्स्य विभाग के मंत्री लाखन सिंह यादव ने ग्राम पंचायत करहिया में बनाई गई गोशाला का लोकार्पण करते हुए व्यक्त की। शासन द्वारा करहिया में 27 लाख रुपए तथा हिम्मतगढ़ में 90 हजार रुपए की लागत से गोशाला का निर्माण कराया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार आमजन की सरकार है, किसान भाइयों की सरकार है। विकास के लिए हम कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। विकास कार्य पहले भितरवार में कराया जाएगा, क्योंकि यह मेरा विधानसभा क्षेत्र है। उसके बाद अन्य जगहों पर कराया जाएगा। विकास कार्य में कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मैं जब भी क्षेत्र के भ्रमण पर निकलता हूं तो अधिकारियों को साथ लेकर चलता हूं। इससे लोगों की समस्याओं का निराकरण मौके पर ही करा सकूं। इस दौरान ग्राम पंचायत करहिया की सरपंच गुड्डी बाई मांझी ने मंत्री से मांग की करहिया में गोशाला का निर्माण कराया जाए।
सरपंच की बात सुनकर मंत्री ने जिला पंचायत सीईओ शिवम वर्मा को निर्देशित किया कि एक और गोशाला का निर्माण कराने एस्टीमेट तैयार कराएं, ताकि शीघ्र काम शुरू कराया जा सके। उन्होंने किसानों से कहा कि गोदाम में खाद पर्याप्त मात्रा में रखा है। खाद की चिंता न करे। अफवाह पर ध्यान न दें। पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाएगा। इस अवसर पर ग्राम पंचायत करहिया सचिव ज्ञान सिंह रावत, ब्लॉक अध्यक्ष महीप सिंह यादव, मंडलम अध्यक्ष उदयभान सिंह रावत, यूथ कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष राहुल योगी, शैलेंद्र सिंह परमार, नृपेंद्र सिंह परमार, वीर सिंह, केशव मांझी, टिप्पन परमार, दीना राम मांझी, नवल माझी, कमल शिवहरे, यशपाल सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal