ग्वालियर-
अवैध कॉलोनी तथा सरकारी जमीनों पर मकान बनाने वालों के खिलाफ भी अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला व निगम प्रशासन ने सोमवार को पुरानी छावनी तथा महाराजपुरा थाना क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की थी। मंगलवार को पुरानी छावनी थाने की पुलिस ने नगर निगम के भवन अधिकारी बीके त्यागी की शिकायत पर गंगा मालनपुर में अवैध कॉलोनी बसाने पर अहिवरन सिंह उर्फ कुट्टा पहलवान तथा पुरानी छावनी में केशर सिंह निवासी रायरू के खिलाफ मामला दर्ज कराया। उधर भवन अधिकारी सतेन्द्र यादव ने महाराजपुरा थाना में सरकारी जमीन पर मकान बनाने वाले धती बाई, गोपाल, रामहेत, सुबेर सिंह, रामहंस, रामनरेश, जगत सिंह, महेन्द्र सिंह, पूरन सिंह तथा सोवरन सिंह के खिलाफ एफआईआर कराई। महाराजपुरा थाना क्षेत्र में सबसे बड़ी कार्रवाई हाकिम सिंह तोमर के यहां हुई थी। निगम अधिकारियों ने उसके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं कराया।
होटल क्लार्क इन को भी थमाया नोटिस
शहर में नियमों को ताक पर रख निर्माण करने वाले ऊंची पहुंच व रसूखदारों के खिलाफ निगम सख्त है। निगम प्रशासन ने रॉक्सी टॉकीज के सामने निर्माणाधीन बहुमंजिला भवन के स्वामियों को नोटिस थमाया है। इसमें राजू कुकरेजा, पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता के परिजन शामिल हैं। इसके अलावा दीनदयाल मॉल के पास बने होटल क्लार्क इन को भी निगम ने नोटिस दिया है। वैसे यह होटल सनसाइन नामक फर्म के नाम है लेकिन शहर में चर्चा है कि इसमें राजू कुकरेजा के साथ नरोत्तम मिश्रा का भी शेयर है।
इनका कहना है
विधायक श्री गोयल के चौथ वसूली के आरोप गलत हैं। हम नियमों के तहत कार्रवाई कर रहे हैं। भवन अधिकारी व निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे पूरी पड़ताल के बाद ही नोटिस की कार्रवाई करें। एक भवन निरीक्षक ने गलत नोटिस दे दिया था। उसके खिलाफ कार्रवाई की है।
संदीप माकिन,निगमायुक्त
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal