ग्वालियर
देश का हर नागरिक देश के सैनिकों का अदम्य साहस और शौर्य के कारण ही अपने आप को सुरक्षित महसूस करताहै। सैनिकों के साथ-साथ उनके परिवार का योगदान भी अविस्मरणीय है। यह कहना था प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ती मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का। वे सोमवार को जिला प्रशासन की तरफ से बाल भवन में विजय दिवस पर भूतपूर्व सैनिक और उनके परिजनों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उल्लेखनीय है प्रदेश सरकार ने सन् 1971 के युद्घ में शहीद हुए जवानों के परिजनों और युद्घ में शामिल जवानों को सम्मानित करने के लिए 16 दिसंबर को विजय दिवस मनाने का निर्णय लिया गया। समारोह में संभागीय आयुक्त एमबी ओझा, अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक राजाबाबू सिंह, कलेक्टर अनुराग चौधरी, पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन, नेता प्रतिपक्ष नगर निगम कृष्णराव दीक्षित और सीईओ जिला पंचायत शिवम वर्मा उपस्थित थे।
समारोह में इन्हें मिला सम्मान
समारोह में मंत्री तोमर ने वीर नारियों के रूप में सज्जन देवी पत्नी स्व. सिपाही विन्द्रपाल सिंह और पारो पत्नी स्व. सिपाही सुखूब के पैरों में अपना सिर रखकर सम्मानित किया। इनके अलावा पूर्व सैनिक सुखेन्द्र सिंह चौहान, शिवकरन सिंह तोमर, गयाचरन सिंह, राम बहादुर सिंह भदौरिया, जगन्नाथ सिंह, मुंशी सिंह सिकरवार, मलखान सिंह भदौरिया, एसपी शर्मा, चन्द्रपाल सिंह , बाल बहादुर सिंह भदौरिया, चंदन सिंह , अतर सिंह चौहान, माता प्रसाद गोस्वामी और रामदास सिंह भदौरिया आदि को शॉल श्रीफल देकर सम्मानित किया।
सुबह मैराथन में दौड़े शहर के धावक
सुबह के समय फूलबाग मैदान से बाल भवन तक मैराथन रखी गई। जिसे कलेक्टर अनुराग चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मैराथन में स्कूली बालक और बालिकाओं ने भाग लिया।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal