ग्वालियर-
दतिया में स्टेडियम मैदान के सामने पचास वर्षीय एक महिला निर्वस्त्र हालत में सड़क किनारे बैठी थी। जिंदगी की सताई इस महिला को आधा सैकड़ा से अधिक लोग विक्षिप्त मानकर घेरकर खड़े थे। लेकिन तभी एक ऑटो ड्राइवर ने अपने कपड़े उस महिला को पहनने के लिए दे दिए। भला हो डॉ. वीरेंद्र सिंह का, जिन्होंने बिना देर किए एनजीओ कार्यकर्ताओं को फोन लगाकर महिला की हालत के बारे में बताया। उसे जिला अस्पताल के वन-स्टॉप सेंटर में भर्ती कराया। एनजीओ कार्यकर्ताओं ने जब उसकी दर्द भरी दास्तां सुनी तो उनका कलेजा कांप गया।
सुबह स्टेडियम के सामने दुकानदारों की नजर सड़क किनारे निर्वस्त्र हालत में बैठी महिला पर पड़ी। धीरे-धीरे भीड़ बढ़ती गई। तभी डॉ. वीरेंद्र सिंह वहां पहुंचे। उन्होंने महिला को निर्वस्त्र देख समाजसेवी रामजीशरण को फोन पर अवगत कराया। इसी बीच सवारियां लेकर जा रहा एक ऑटो ड्राइवर रुका और उसने अपने कपड़े उतारकर महिला को पहनाए। 15 मिनट बाद ही नाज संस्था की सचिव शाहजहां भी कपड़े लेकर पहुंचीं और महिला को कपड़े पहनाकर सीधे वन स्टॉप सेंटर ले गईं।
मां मुझे घर में बांधकर रखती थी…
मेरे माता-पिता ने मेरी शादी 10 साल की उम्र में ही ग्राम सेमई में रामकिशोर के साथ कर दी थी, लेकिन पति आए दिन मारपीट करता था, इससे तंग आकर मैं मायके आ गई। कुछ दिन बाद जीजा ने मेरा पुनर्विवाह झांसी जिले के ग्राम बूढ़ा में कर दिया। एक बेटा हुआ, लेकिन इसे बाद मां ने मायके से ससुराल नहीं जाने दिया। इससे बूढ़ा निवासी पति ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। इसी बीच मैं परासरी निवासी फूलवती के संपर्क में आई और फूलवती ने दो साल पहले कमथरा में पातीराम अहिरवार को बेच दिया। पातीराम व उनके परिजन ने मुझे मानसिक विक्षिप्त बताते हुए भगा दिया। अब मैं फिर से अपने गल्ला मंडी स्थिति मायके में रहने आ गई। यहां सगी मां मुझे बांधकर रखती थी और प्रताड़ित भी करती थी। इससे परेशान होकर मैं अपनी मां के घर से भाग आई। लगातार पैर बांधकर रखने के कारण मैरे पैर ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं। मैं पैरों पर खड़ी भी नहीं हो पा रही हूं।
जैसा कि महिला ने वन स्टॉप सेंटर में एनजीओ कार्यकर्ता को बताया।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal