ग्वालियर-
गुना कैंट के ऊपरी बाजार निवासी युवा अभिभाषक अमित शर्मा की रहस्यमय धमाके के बाद बड़े ही संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव पलंग पर ही मिला। सिर का एक हिस्सा पूरी तरफ फट चुका था। गले पर भी धारदार हथियार से काटे जाने के निशान पाए गए हैं। मौके से पुलिस को सुतली बम फटने के अवशेष मिले हैं। इससे पुलिस का दावा है कि दिवाली में उपयोग होने वाले पटाखे से जलने से ऐसा हुआ है? पीएम रिपोर्ट और एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी। एसपी राहुल लोढ़ा भी मौके पर पहुंचे।
युवक अकेला सो रहा था
अमित रोज की तरह अपने कमरे में बुधवार रात को सो गया था। सुबह उसका शव मिला। कमरा खुला हुआ था। वहां पटाखे भी रखे हुए थे, जो बिल्कुल नहीं जले। युवक अविवाहित है।
मोबाइल फटने से इनकार
अमित अपने माता-पिता व भाई-भाभी के साथ रहते थे लेकिन परिवार वाले इस संबंध में बात करने से बच रहे हैं। एसआई रवि शर्मा का कहना है कि मोबाइल फटने जैसी कोई घटना नहीं हुई है। पटाखे के अवशेष मिले हैं। इसी आधार पर जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट से स्थिति साफ होगी?
कैसे हुआ हादसा… यह रहस्य
एफएसएल अधिकारी आरसी अहिरवार का कहना है कि घटना स्थल पर सुतली बम के अवशेष मिले हैं, जिसमें एक बत्ती, बम में इस्तेमाल होने वाला अधजला कपड़ा शामिल है। इसी कमरे में एक डिब्बे में रखे पटाखे भी मिले हैं, जो जले नहीं? युवक ने खुद ही सुतली बम को जलाया या किसी ने इसमें आग लगाई? यह जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal