ग्वालियर
डबराचीनोर थानाक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नोन की सराय गांव में विस्फोट से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत और पांच लोगों घायल होने की घटना के बाद प्रदेश के पशुपालन मंत्री लाखन सिंह यादव गांव पहुंचें और मृतकों के अंतिम संस्कार में शामिल हुए और घटना की जानकारी ली। इस विस्फोट में जिन लोगों की मौत हुई हैं, उनके परिजनों को रेडक्रॉस की ओर से 50-50 हजार रुपए और घायलों को 10-10 हजार रुपए की सहायता दिलाई गई। एसडीएम केके सिंह गौर ने बताया कि विस्फोट में जिन लोगों की मौत हुई है, उनके मृतकों को दो-दो लाख रुपए और घायलों को 25-25 हजार रुपए मुख्यमंत्री सहायता कोष से दिलाने के लिए जल्द प्रस्ताव तैयार कर भेजे जाएंगे।
गौरतलब है कि गुरुवार रात करीब 10ः30 बजे नोन की सराय गांव में रहने वाले नबी खान के घर में विस्फोट हो गया था। उनके घर में अवैध रूप से बनाए गए पटाखों का संग्रह था, जिसमें अचानक चिंगारी भड़क गई थी। विस्फोट के बाद घर में रखे रसोई गैस सिलेंडर ने भी आग पकड़ ली और धमाका हो गया। इस विस्फोट में नबी खान, उनकी बेटी रजिया खान और साढ़ू अरबीन खान की मौके पर ही मौत हो गई थी। बताया गया कि सूचना मिलने के बाद रात्रि को घटनास्थल का जायजा लेने कलेक्टर अनुराग चौधरी एवं जिला एसपी नवनीत भसीन पहुंचे थे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले की बारीकी से जांच करने के लिए निर्देश दिए।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal