ग्वालियर-
डबराराजस्व और खनिज विभाग द्वारा एसडीएम राघवेंद्र पांडेय के निर्देश पर गत रात बिलौआ और पिछोर क्षेत्र में जांच अभियान चलाकर अवैध रूप से बिलौआ क्षेत्र से गिट्टी का परिवहन कर रहे तीन डंपरों को पकड़ कर जब्त किए जाने की कार्रवाई की गई है। तीनों डंपरों को जब्त कर बिलौआ और पिछोर थाना परिसर में रखवा दिया गया है। इन तीनों डंपरों पर प्रकरण बनाकर जुर्माना वसूले जाने की कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसीलदार नवनीत शर्मा को सूचना मिली कि छीमक और मकोड़ा से होकर डंपर चालक बिना रॉयल्टी के गिट्टी का अवैध रूप से परिवहन कर रहे हैं। जिसके चलते रात करीब 11 बजे तहसीलदार माइनिंग विभाग के उड़नदस्ते की टीम के साथ मौके पर पहुंच चैकिंग करते रही, लेकिन गिट्टी से भरा एक भी डंपर नहीं निकला, जिसके चलते रात करीब डेढ़ बजे टीम ने बिलौआ तिराहे पर नाका लगाकर चैकिंग शुरू कर दी। इस दौरान 20 से अधिक गिट्टी से भरे डंपरों की रॉयल्टी चैक की गई, जिसमें से दो डंपर बिना रॉयल्टी के निकले दोनों डंपरों ने मांगने पर अधिकारियों को पुरानी रॉयल्टी की रसीद थमा दी,जिससे दोनों डंपरों को जब्त कर प्रकरण बनाकर बिलौआ थाना परिसर में रखवा दिया गया। इसके बाद एक टीम को पिछोर क्षेत्र में चैकिंग के लिए पहुंचाया गया। यहां गिट्टी से भरा हुआ एक डंपर बिना रॉयल्टी के मिला,जिसे जब्त कर पुलिस थाना परिसर में रखवा दिया गया। अब इनसे जुर्माना वसूलने जाने की कार्रवाई की जाएगी।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal