ग्वालियर-
एडीजीपी राजाबाबू सिंह ने झांसी रोड से सिथौली – संदलपुर के बीच ट्रेनों पर हुए पथराव की घटना को गंभीरता से लिया है। एजीडीपी का मानना है कि ट्रैक के आसपास की कॉलोनियों में डकैती व लूटपाट की घटनाओं के साथ पथराव से पुलिस की छवि दागदार हो रही है। राजाबाबू सिंह के रेंज के चारों पुलिस अधीक्षकों को पत्र लिखकर निर्देशित किया है कि ट्रैक के आसपास होने वाली वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए ट्रैक पर सशस्त्र जवानों से रात में गश्त कराएं। साथ ही अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करें। अब वारदात होने पर सर्कल के सीएसपी व एसडीओपी का जिम्मेदार माना जाएगा। इसलिए ये अधिकारी ट्रैक पर गश्त कराने के साथ मॉनटरिंग भी करें। चारों जिलों से निकलने वाले रेलवे ट्रैक पर सुरक्षा और बढ़ाए जाने के निर्देश दिए हैं। अभी जिला पुलिस रेलवे ट्रैक की सुरक्षा से यह कहकर बचती रही है कि यह काम आरपीएफ का है।
एडीजीपी राजा बाबू सिंह के हस्ताक्षर से एक पत्र रेंज के चारों पुलिस अधीक्षकों के नाम रवाना हो गया। एडीजीपी ने पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया है कि ट्रेनों पर पथराव होने से पुलिस की सक्रियता पर सवालिया निशान लग रहा है। ट्रेनों दूसरे प्रांतों के यात्री के सामने इस तरह की वारदात होने से प्रदेश पुलिस की छवि पर दाग लग रहा है। लोग दहशत में जिले की सीमाओं से यात्रा करने के लिए मजबूर होते हैं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेना चाहिए और अपराधियों को पकड़ने में कोई कसर नही छोड़ने के साथ इन वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
एडीजीपी ने ये दिए निर्देश-
– रेलवे ट्रैक पर प्रतिदिन रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक अपने-अपने क्षेत्र में प्रभावी गश्त कराएं।
– गश्त करने के लिए सशस्त्र जवानों को हथियार, टॉर्च व सर्चलाइट साथ लेकर भेजे। ताकि बदमाशों का सामना होने पर उनका मुकाबला कर पकड़ा जा सके।
– रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले जनजातियों के टपरों की सघन चेकिंग करें। इनके मूल निवास का नाम-पता नोट कर संबंधित जिले से इनके आपराधिक रिकॉर्ड चेक करें।
– इन टपरों में रहने वाले लोगों ने नाम मोबाइल नंबर, आइडी, व यहां किस कारण से ठहरे इसकी समूचित जानकारी नोट करें। ताकि आवश्यकता पड़ने पर इन्हें पकड़ना आसान हो सके।
– ट्रैक के आसपास की कॉलोनियों में प्रभावी गश्त कराएं और इनके पास पड़े टपरों की जांच कराएं
एडीजीपी माना – हरिशंकरपुरम में पड़ी थी डकैतीः एडीजीपी राजा बाबू सिंह हरिशंकरपुरम में रवि दीक्षित के यहां डकैती पड़ने का उल्लेख किया है। बदमाशों की संख्या भी सात बताई है। जबकि पुलिस झांसी रोड थाना पुलिस ने शुरूआती जांच में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal