ग्वालियर-
दूर दराज से आने वाले कैंसर मरीजों को कीमो थैरेपी न मिलने से हंगामा हो गया। जिसकी भनक अपर कलेक्टर किशोर कान्याल को लगी तो उन्होंने सिविल सर्जन की क्लास ले ली। जिसके बाद जिला अस्पताल के कैंसर वार्ड में स्टाफ पहुंचा, तब मरीजों को इलाज मिल सका। दूर दराज से आने वाले मरीजों का कहना था कि वह दो दिन से कीमो थैरेपी के लिए शहर में रिश्तेदारों के यहां रुके हुए हैं। पर दशहरा की छुट्टी के कारण उन्हें इलाज नहीं मिल सका। सुबह जब वह अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि कीमो थैरेपी देने वाली नर्स गीता की ड्यूटी ईसीजी मशीन पर सिविल सर्जन ने लगा दी है। जिसको लेकर मरीजों ने हंगामा कर दिया और इसकी शिकायत अपर कलेक्टर किशोर कान्याल से कर दी। जिसके बाद सिविल सर्जन ने नर्स गीता को वापस कैंसर वार्ड भेजकर मरीजों को इलाज दिलाया। तीन मरीज स्थानीय थे, जबकि 4 मरीज बाहर से आए थे। एक मरीज दतिया का था जिसे बिना इलाज के ही लौटना पड़ा।
कैंसर इलाज की ट्रेनिंग लेकर लौटी है नर्स –
कैंसर वार्ड में तैनात नर्स गीता हाल ही में तीन माह की कीमो थैरपी देने की ट्रेनिंग लेकर आई है। गुरुवार सुबह जब वह अस्पताल पहुंची तो सिविल सर्जन डॉ.वीके गुप्ता ने उनकी ड्यूटी ईसीजी करने के लिए लगा दी। जबकि कैंसर मरीज वार्ड में उनका इंतजार कर रहे थे। नर्स का कहना था कि उसने जब कैंसर इलाज की ट्रेनिंग ली है तो उसकी ड्यूटी दूसरे स्थान पर क्यों लगाई जाती है। कैंसर-आईसीयू वार्ड में मरीजों की देखभाल के लिए दो नर्स तैनात हैं। जबकि आईसीयू में डॉक्टर की अभी तक तैनाती नहीं की गई। जिससे सुबह 9 से शाम 6 बजे तक ही मरीजों को इलाज मिल पाता है। आईसीयू बंद होने पर कैंसर मरीजों को सामान्य मरीजों के साथ शिफ्ट कर दिया जाता है।
हाथ धोने के लिए वॉश बेसिन तक नहीं-
आईसीयू-कैंसर वार्ड की हालत खराब है। तैनात नर्स का कहना है कि मरीजों का इलाज करते समय कई बार उन्हें हाथ साफ करने की आवश्यकता होती है। पर वार्ड में एक वॉश बेसिन तक नहीं लगाया गया। सुबह से शाम तक मरीजों के संपर्क में रहने से इंफेक्शन का खतरा रहता है। दूसरा स्टाफ के लिए अलग से टॉयलेट तक की व्यवस्था नहीं है।
एक्सपर्ट को दूसरे काम में लगाना गलत-
सूचना मिलने पर तत्काल कीमो लगाने के लिए नर्स की व्यवस्था करवाई गई। सिविल सर्जन को भी हिदायत दी गई कि एक्सपर्ट को दूसरे काम में न लगाया जाए। कैंसर मरीजों के साथ संवेदनशीलता रखें।
किशोर कान्याल, अपर कलेक्टर
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal