ग्वालियर
हरिशंकरपुरम में सोमवार की रात हुई लूट की वारदात के बाद रात्रि गश्त पर सवाल उठे तो गश्त के लिए अतिरिक्त बल दिया, आरआई से प्वॉइंट चेक कराए, जवान गप्पे लगाते मिले,बोले- किसी ने बताया ही नहीं क्या करना हैअधिकारी हरकत में आए । एसपी नवनीत भसीन ने बुधवार की रात को थानों को शहर में गश्त करने के लिए पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल दिया। गश्त के प्वॉइंट भी तय किए। गश्त की जमीनी हकीकत जानने रात में एसपी ने आरआई अरविंद दांगी को भेजा। आरआई को गश्त करने निकले जवान चौराहे पर आपस में गप्पे हांकते और आराम करते मिले। इसी तरह की स्थिति हर प्वॉइंट पर थी। जवानों ने आरआई को बताया कि उन्हें बताया नहीं गया है कि गश्त में क्या करना है। इसलिए हम यहां आकर बैठ गए।
इंदरगंज थाने को दिए थे गश्त के लिए 30 जवानः
हरिशंकरपुरम की वारदात के बाद प्रत्येक थाने को 2-2 जवान देने की बजाए इंदरगंज थाने को 30 अतिरिक्त जवान रात में गश्त करने के लिए दिए थे।ताकि एक थाना क्षेत्र में पूरी रात चेकिंग की जा सके और मुस्तैदी के साथ गश्त हो सके। एसपी नवनीत भसीन ने बताया कि इंदरगंज थाना शहर के मध्य में हैं। इसके अलावा स्टेशन व बस स्टेंड से आने-जाने का रास्ता भी इसी थाना क्षेत्र से निकलता है। अतिरिक्त बल देने के साथ नदी गेट सहित पूरे थाना क्षेत्र को लॉक कर रात्रि में चेकिंग प्वॉइंट लगाकर रात्रि घूमने वाले लोगों को चेक करने के लिए निर्देशित किया था।
सादा लिबास में प्राइवेट वाहन से आरआई को प्वॉइंट चेक करने भेजाः एसपी नवनीत भसीन ने आरआई अरविंद दांगी को रात्रि में गश्त प्वॉइंटों को चेक करने के लिए सादा लिबास में व प्राइवेट गाड़ी से भेजा। सबसे पहले रात 12 बजे आरआई इंदरगंज थाना क्षेत्र में पहुंचे। नदी गेट पर कोई चेकिंग प्वॉइंट नहीं लगा था। जवान चौराहे पर मौजूद थे पर आपस में गप्पे लगा रहे थे। इसी तरह अन्य प्वॉइंटों पर गश्त करने की बजाए जवान आराम करते मिले। आरआई ने जवानों से पूछा कि चेकिंग प्वॉइंट क्यों नही लगाया? जवानों का कहना था कि थाने में किसी ने ब्रीफ नहीं किया कि नदी गेट चौराहे पर क्या करना है। इसलिए वे लोग यहां आकर बैठ गए। आरआई ने जवानों को ब्रीफ कर चेकिंग प्वॉइंट लगाया। जवानों को पूरी मुस्तैदी के साथ गश्त करने की हिदायत दी।
गश्त की बजाए, टाइम पास करते मिले जवानः आरआई अरविंद दांगी ने स्टेशन बजरिया, तानसेन नगर, हजीरा, किला गेट बहोड़ापुर आनंद नगर, गोला का मंदिर व मुरार के गश्त प्वॉइंटों को चेक किया। गश्त के बजाए जवान रात्रि में टाइम पास करते मिले। किसी स्थान पर जवान रात्रि में घूमने वालों को रोकते-टोकते नजर नहीं आए। आरआई ने गश्त चेकिंग की रिपोर्ट एसपी को दे दी है।
गश्त की बजाए जवान आराम करते मिलेः
रात्रि को एसपी के निर्देश पर सादा लिबास में प्राइवेट वाहन से गश्त प्वॉइंटों को चेक किए थे। लेकिन गश्त पर निकले जवान आपस में गप्पे लगाते व आराम करते मिले। इंदरगंज थाने को रात्रि चेकिंग के लिए 30 जवान पुलिस लाइन से दिए गए थे। वह आराम करते मिले। एसपी को रिपोर्ट दे दी है।
अरविंद दांगी
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal