ग्वालियर
नवरात्र महोत्सव रविवार से शुरू होंगे। इस अवसर पर घर-घर में घट स्थापना होगी। इस बार नवरात्र में विशेष योग रहेंगे, इस दौरान मां भगवती की पूजा दिन विशेष के रंग के अनुसार करें, जो नवरात्र को विशेष फलदायी बनाएंगे। इस बार घट स्थापना के लिए शुभ मुहूर्त की अवधि लंबी होगी। ज्योतिषाचार्यों ने बताया कि नवरात्र के पहले दिन सर्वार्थ सिद्धि योग और अमृत योग का शुभ संयोग रहेगा। घट स्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 9.15 से लेकर 12.20 बजे तक रहेगा। इसके बाद दोपहर 1.45 बजे से 3.15 बजे तक रहेगा। शाम के समय घट स्थापना के लिए शुभ मुहूर्त 6.15 से 9.45 बजे तक रहेगा।
यह है नवरात्र की पूजा विधि
नवरात्र के पहले दिन कलश स्थापना की जाएगी। कलश स्थापना के लिए सुबह का समय सबसे उत्तम माना गया है। किसी बर्तन या जमीन पर मिट्टी की थोड़ी ऊंची वेदी बनाकर जौ को बो दें। अब इस पर कलश की स्थापना करें। कलश में गंगा जल रखें और उसके ऊपर कुल देवी की प्रतिमा या फिर लाल कपड़े में लिपटा नारियल रखें और पूजन करें। पूजा के समय दुर्गा सप्तशती का पाठ करें।
5 सर्वार्थ सिद्धि योग रहेंगे: इस बार नवरात्र पूरे 9 दिन के हैं। नवरात्र के दौरान 5 सर्वार्थ सिद्धि योग बन रहे हैं। ऐसे में साधकों को सिद्धि प्राप्त करने के पर्याप्त अवसर मिल रहे हैं। इस दौरान सभी शुभ काम शुरू कर सकते हैं।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal