ग्वालियर- धरातल पर धीरे-धीरे उतरने का प्रयास कर रहे स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट अब जांच के घेरे में हैं। कटघरे में भले ही लेडीज पार्क में किए गए विकास कार्य हों, लेकिन इसके हर प्रोजेक्ट की जांच होगी। इसमें अमृत के सीवरेज और जलप्रदाय के प्रोजेक्ट भी शामिल रहेंगे। जांच नगरीय विकास एवं आवास विभाग के प्रमुख सचिव की ज्वाइंट कमेटी करेगी, जिसमें भोपाल के अफसरों को भी शामिल किया जाएगा। यह कमेटी सभी प्रोजेक्टों, निविदा, डीपीआर, क्रियान्वयन सहित वर्क क्वालिटी के हर बिंदु पर जांच कर रिपोर्ट शासन को देगी। जनप्रतिनिधयों की आपत्ति सबसे ज्यादा स्मार्ट सिटी कार्यों की क्वालिटी को लेकर है, जिस पर खास निगरानी रखी जाएगी।
ज्ञात रहे हाल ही में कलेक्ट्रेट में प्रदेश के वन मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री उमंग सिंघार की अध्यक्षता में जिला योजना की समिति की बैठक आयोजित की गई थी। इसमें दक्षिण विधानसभा से कांग्रेस विधायक प्रवीण पाठक ने स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्टों में हो रहे कार्यों की क्वालिटी पर सवाल खड़े किए थे। ग्वालियर के स्मार्ट सिटी सीईओ महीप तेजस्वी पर आरोप भी लगाया था कि कार्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को नहीं दी जा रही है।
स्मार्ट सिटीः योजनाओं की स्थिति
पूर्ण परियोजनाएं-10, लागत-51 करोड़ 91 लाख रुपए
क्रियान्वयन के तहत- 26, लागत-139 करोड़ 43 लाख
निविदा अंतर्गत- 09, लागत-376 करोड़ 39 लाख रुपए
स्वीकृत डीपीआर-06, लागत-46 करोड़ 78 लाख रुपए
डीपीआर स्तर पर-09, लागत-247 करोड़ 79 लाख रुपए
कुल परियोजनाएं-60, लागत-1000 करोड़ रुपए
51 करोड़ की पूर्ण परियोजनाओं की पहले होगी जांच
स्मार्ट क्लास -4 करोड़ 94 लाख रुपए
नेहरू पार्क- 4 करोड़ 84 लाख
लेडीज पार्क- 3 करोड़ 41 लाख रुपए
शिवाजी पार्क- 1 करोड़ 56 लाख रुपए
सार्वजनिक भवन पर सौर पैनल-1 करोड़ 39 लाख रुपए
वन सिटी वन एप- 46 लाख रुपए
रेनवाटर हार्वेस्टिंग पिट्स-24 लाख रुपए
पब्लिक बाइक शेयरिंग- 5 करोड़ 97 लाख रुपए
कंट्रोल कमांड सेंटर- 29 करोड़ 10 लाख
ये काम चल रहे, क्या रह गया
कंट्रोल कमांड सेंटर में आईटी काम पूर्ण और लोकार्पण होना है। स्मार्ट साइनेज में 10 स्थानों पर वीएमएस और तीन गैन्ट्री लगाई जा चुकी है। इंटर और इंट्रा सिटी बसों के मामले में आंशिक क्रियान्वयन शुरू, 32 में से 9 बसें चलाए जाने का दावा किया गया है। डिजिटल लाइब्रेरी सिविल वर्क व डिजिटाइजेशन चल रहा है। तीन स्थान छत्री मैदान, एमएलबी और जीआरएमसी में आधुनिक खेल मैदान, हेरिटेज संग्रहालय व प्लेनेटोरियम में जीर्णोद्धार का काम चल रहा है। 24 स्थानों पर स्मार्ट पार्किंग में 10 स्थल सुचारू, कटोराताल में थीम बेस्ड फव्वारे, हेरिटेज भवनों के बाहर सौंदर्यीकरण भवन स्वामी की एनओसी का इंतजार, कुएं-बाबड़ी के सरंक्षण में 21 में से 11 पर काम पूरा, टाउन हॉल में सिनेमा संचालकों को संचालन का निमंत्रण, कौशल विकास केंद्र और पर्यटक सूचना केंद्र अंतिम चरण में,स्मार्ट बस स्टॉप,वाशरूम,ई-रिक्शा सहित कुल 26 इस तरह क्रियान्वयन में है।
अमृत योजनाःपेयजल पाइप लाइन स्थिति
ग्वालियर विधानसभा-250 किमी प्रस्तावित- 139 पूर्ण
दक्षिण विधानसभा- 134 किमी प्रस्तावित-31 पूर्ण
पूर्व विधानसभा-450 प्रस्तावित -199 पूर्ण
ज्वाइंट कमेटी करेगी सभी प्रोजेक्ट की जांच
स्मार्ट सिटी और अमृत के सीवरेज-पेयजल सप्लाई के प्रोजेक्टों की जांच के लिए पीएस ज्वाइंट कमेटी का गठन करेंगे। इसको लेकर उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराया जा रहा है। इस ज्वाइंट कमेटी में भोपाल स्मार्ट सिटी बोर्ड के भी अधिकारी शामिल किए जाएंगे। स्मार्ट सिटी के कार्यों की क्वालिटी की जो भी स्थिति होगी, वह सामने आ जाएगी।
अनुराग चौधरी,कलेक्टर
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal