ग्वालियर। एनएच-75 पर ग्वालियर से डबरा तक 50 किलोमीटर की दूरी में 7 जगहों पर लोगों को हर आधे घंटे में जाम से जूझना पड़ रहा है। अगर इन बाधाओं की सिर्फ पांच किलोमीटर सडक़ को बेहतर कर दिया जाए तो बहुत हद तक जाम से राहत मिल सकती है, लेकिन आमजन की सुविधा को ध्यान में रखने की बजाय लोक निर्माण विभाग अपने हिसाब से काम करा रहा है। इस कारण हर दिन लग रहे जाम से सवारी वाहन, भारी वाहन से लेकर एंबुलेंस तक परेशान हैं। सोमवार रात को दतिया से ग्वालियर आते समय एक एंबुलेंस सहराई के पास फंस गई थी, इसमें ले जाई जा रही महिला मरीज को मुश्किल से दूसरी गाड़ी बुलाकर ग्वालियर भेजा गया। यही हाल हाईवे को जोडऩे वाली सिमिरिया टेकरी-हरीपुर सडक़ का है।

डबरा शहर को हाईवे से जोडऩे वाली 10.30 किलोमीटर लंबी सडक़ को 49 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से बनाया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी के जरिए हो रहा निर्माण योजनाबद्ध तरीके से न होने से शहर से निकले तीन किलोमीटर मार्ग में थोड़ी-थोड़ी देर में जाम लग रहा है। इस परेशानी को दूर करने के लिए न तो प्रशासन ने कोई कदम उठाया है, न ही पीडब्ल्यूडी (एनएच संभाग) ने आवागमन को सही रखने के लिए प्रयास किया है। इस रिपोर्टर ने भ्रमण कर उन 7 बाधाओं को चिह्नित किया है, जहां वाहन फंस रहे हैं।
यह हैं वह 7 बाधाएं
जौरासी घाटी (चट्टान के पास)
-इस जगह बायीं ओर की सडक़ काट दी गई है, दायीं ओर की कच्ची फिसलन भरी जगह पर वाहन आमने-सामने आने पर जाम के हालात बन जाते हैं।
टेकनपुर (गुरुद्वारे के पास)
-लगभग 50 मीटर कच्ची सडक़ है, यहां हर दिन कोई न कोई वाहन फंस जाता है। इसके बाद बची हुई जगह से वाहन रैंगकर निकलते हैं।
समूदन (पुल के सामने)
-यहां संकरी सडक़ होने के कारण वाहनों को खासी परेशानी होती है। इस बीच अगर कोई वाहन खड़ा हो जाता है तो पीछे गाडिय़ों की लाइन लग जाती है और एक भी ट्रक चालक ने जल्दबाजी की तो जाम की स्थिति बन जाती है।
सिमिरिया टेकरी (पेट्रोल पंप से पहले)
-यह सडक़ राष्ट्रीय राजमार्ग-75 बायपास को डबरा सिटी से जोड़ती है। पेट्रोल पंप से लगभग 200 मीटर पहले हाईवे के बायीं ओर से शहर की सडक़ को जोड़ा गया है, यह जगह बेहद फिसलन भरी और संकरी है, भारी वाहनों के कारण जाम की स्थिति तो बनती ही है, दुर्घटना की संभावना भी सबसे ज्यादा है।
पिछोर रोड (फ्लाई ओवर की साइड वॉल)
-पिछोर रोड पर डबरा से लगभग 5 किलोमीटर दूर हाईवे के किनारे सर्विस रोड बनाई गई है, यह सबसे खराब है। लगभग 150 मीटर हिस्से में मिट्टी के कारण कीचड़ हो गई है। भारी वाहन निकल जाते हैं, लेकिन छोटे चार पहिया वाहनों को काफी मुश्किल होती है। सडक़ संकरी होने से वाहन रैंगकर ही निकलते हैं।
सहराई रोड (फ्लाई ओवर की साइड वॉल)
-डबरा शहर को आसपास के दो दर्जन से अधिक गांवों से जोडऩे वाली इस सडक़ पर तीन किलोमीटर दूर हाईवे पर सर्विस रोड बनाई गई है। यह जल बहाव क्षेत्र से नीची होने से थोड़ी देर की बारिश में ही दो से तीन फीट तक पानी भर जाता है। बारिश में सबसे ज्यादा वाहन यहां फंसते हैं, जिससे बायपास बंद हो जाता है।
डबरा सिटी (रामगढ़ पुल)
ग्वालियर से जाने वाले वाहनों के लिए यह जगह सबसे बड़ी रुकावट है। पिछोर तिराहे से अगर वाहन चालक शहर में आ भी जाएं तो यह पुल रफ्तार पर ब्रेक लगा देता है। यातायात और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखने की बजाय धीमी गति से चल रहे निर्माण ने मुसीबत बढ़ा दी है। यहां 24 घंटे में कम से कम पांच बार जाम लगता है और दो किलोमीटर तक वाहनों की लाइन लग जाती है।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal