ग्वालियर।
खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के निर्देश के दो दिन बाद भी हाइट्स कंपनी के खिलाफ कंपू थाने ने एफआईआर दर्ज नहीं की है। हालांकि इस मामले में पुलिस ने सफाई सुपरवाइजर, कर्मचारियों के बयान जरूर दर्ज किए हैं। टीआई की माने तो एफआईआर में अभी करीब तीन दिन ओर लग सकते हैं। खास बात ये है कि इतनी खराब सर्विस देने के बाद भी हाइट्स से ही कर्मचारी लिए जा रहे हैं, साथ ही उसे दिए जाने वाला भुगतान भी अब 78 लाख तक पहुंच चुका है।
दो दिन पहले खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एक घायल महिला को लेकर जयारोग्य अस्पताल पहुंचे थे। जहां पर कर्मचारी और स्ट्रेचर ही नहीं मिले थे। इस पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने हाइट्स कंपनी पर एफआईआर के निर्देश दिए थे। जीआर मेडिकल कॉलेज की तरफ से तो कमजोर आवेदन दिया ही गया था साथ ही कंपू थाना पुलिस भी इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही है। जिसकी वजह से मंत्री के आदेश को ही जांच के नाम पर लटका दिया गया है। कंपू पुलिस ने इस मामले में सफाई सुपरवाइजर राहुल सिंह एवं उस वक्त ड्यूटी पर तैनात करीब 3 सफाई कर्मचारियों के बयान दर्ज किए हैं। टीआई की माने तो अभी जांच जारी है, एफआईआर होने में तीन दिन लग सकते हैं।
काम घटिया, फिर भी बढ़ रहा भुगतानः
हाइट्स कंपनी का काम घटिया है। इसी वजह से पूर्व संभागीय कमिश्नर ने कंपनी की दस प्रतिशत राशि भी काटी थी। साथ ही अब तक करीब आधा दर्जन नोटिस कंपनी को जारी किए जा चुके हैं। हाईकोर्ट में जनहित याचिका पर सुनवाई चल रही है, जिसमें भी सफाई एवं सिक्युरिटी मुख्य मुद्दा है। इतनी घटिया सर्विस के बाद भी कंपनी का भुगतान अब बढ़कर 78 लाख तक पहुंच चुका है। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर से लेकर कर्मचारी हाइट्स कंपनी की सर्विस से परेशान है, जबकि मेडिकल कॉलेज प्रबंधन पूरी तरह मेहरबान है।
आखिर कहां गए 27 कर्मचारीः
चिकित्सा शिक्षा मंत्री के सामने हाइट्स कंपनी ने कहा था कि हमने 27 स्ट्रेचर ब्वाय की सूची जीआर मेडिकल कॉलेज के डीन को सौंप दी है। डीन ने भी स्वीकार किया था कि सूची उनको मिल गई है। अब अहम सवाल यह है कि आखिर यह कर्मचारी कहां गए और यदि रखे गए हैं तो वह सेवाएं कहां दे रहे हैं। क्योंकि जेएएच अधीक्षक तो कर्मचारियों की जानकारी होने से ही इंकार कर चुके हैं।
अभी इस मामले में जांच चल रही है, एफआईआर में दो तीन दिन लग सकते हैं।
विनय शर्मा, थाना प्रभारी कंपू
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal