10साल के लंबे इंतजार के बाद जयरोग्य चिकित्सालय में पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधो ने कैथलैब का शुभारंभ किया। हालांकि मरीजों को इसका लाभ लेने के लिए कम से कम एक सप्ताह का इंतजार करना पड़ेगा। इसका कारण यह है कि कैथलैब मशीन का अभी ट्रायल चलेगा, जिसमें सप्ताहभर का समय लग जाएगा। इसके बाद ही एंजियोप्लास्टी शुरू हो पाएगी। कॉर्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टरों का दावा है कि सोमवार से एंजियोग्राफी शुरू कर दी जाएगी। कैथलैब के शुभारंभ पर श्री सिंधिया ने कहा कि अंचल के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रदेश सरकार कई कदम उठा रही है। उन्होंने कहा,गोला का मंदिर स्थित मार्क हॉस्पिटल की जगह पर भी सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल बनाया जाएगा।
इधर,अस्पताल प्रबंधन ने कैथलैब में लगने वाले सामान के लिए अमृत फार्मेसी से बात तो कर ली लेकिन कॉन्ट्रेक्ट फाइनल नहीं हुआ है। अभी तक कैथलैब का सामान नहीं आया है।
डॉक्टरों का दावा- सोमवार से शुरू होगी एंजियोग्राफी
कैथलैब का उद्घाटन करने जाते पूर्व केंद्रीय मंत्री सिंधिया और चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी।
मरीजों को जेएएच में ही मिल सकेगा कैथलैब का लाभ
6 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से बनी कैथलैब का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधो ने की। विशेष अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, विधायक मुन्नालाल गोयल व प्रवीण पाठक मौजूद रहे।
रेट कम नहीं किए तो आ सकती है परेशानी
कैथलैब में एंजियोप्लास्टी के तहत एक छल्ला डालने की दर 55 हजार रुपए रखी गई है। जीबी पंत हॉस्पिटल दिल्ली में एक स्टेंट की दर 23 से 25 हजार रुपए है। प्राइवेट में एक छल्ला डालने की कीमत ग्वालियर में ही 55 से 70 हजार रुपए है। ऐसी स्थिति में जेएएच प्रशासन एंजियोप्लास्टी के रेट कम नहीं करता है तो उसे चलाने में दिक्कत आएगी।
सेंट्रल ऑक्सीजन सिस्टम अभी तक नहीं लगा
कैथलैब तो शासन ने जेएएच को दे दी लेकिन कैथलैब में सेंट्रल ऑक्सीजन सिस्टम अभी तक नहीं लगाया गया है। कैथलैब चलाने के लिए स्टाफ आ गया है और कार्डियोलॉजिस्ट भी तीन हो गए हैं लेकिन कार्डियक एनेस्थेटिक्स की भर्ती नहीं की गई। उसकी जगह एनेस्थीसिया विभाग के डॉक्टर से काम लिया जाएगा।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal