ग्वालियर- डबरा विकासखंड के ग्राम गिजोर्रा में मोदी बाबा आश्रम पर साहू समाज के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छोटे भाई प्रहलाद मोदी ने कहा
समाज के अगर किसी बच्चे को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसी ऊंचाइयों पर पहुंचाना है, तो उसे शिक्षित बनाना होगा। जब बच्चा शिक्षित हो जाएगा, तो वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ समाज और देश हित में कार्य करेगा। उसमें सबसे महत्वपूर्ण योगदान शिक्षा का है। समाज अगर शिक्षित होगा तो उसमें दृढ़ इच्छा शक्ति उत्पन्न होगी और वह आगे बढ़कर तरक्की करेगा। यह बात डबरा विकासखंड के ग्राम गिजोर्रा में मोदी बाबा आश्रम पर साहू समाज के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छोटे भाई प्रहलाद मोदी ने कही। उन्होंने गोशाला एंबुलेंस का शुभारंभ भी किया।
उन्होंने कहा कि नई गोशाला का शुभारंभ होने से गोवंश को सुरक्षित रखा जा सकेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता चंबल संभाग के पुलिस महानिरीक्षक देवप्रकाश गुप्ता, राम कथा वाचक संत मानस मंजरी देवी, भारतीय तैलिय साहू राठौर महासभा के महामंत्री रमाशंकर साहू, समाजसेवी हुकुमचंद साहू, महासभा के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश साहू सहित समाज के पदाधिकारी व लोग मौजूद रहे। इधर समाज सेवी प्रहलाद मोदी के शहर आगमन पर लोगों ने उनका अभिनंदन किया। डबरा रेल स्टेशन मास्टर के निवास पर श्री मोदी का अभिनंदन कर फूलमालाएं पहनाई गईं।
समाज के लोग अपने सरनेम के साथ मोदी जरूर लिखें
श्री प्रहलाद मोदी ने कहा कि आपसी मतभेद मिटाकर एक दूसरे के सहयोग के लिए खड़े मिलें। उन्होंने मंच से सभी को एकजुट होने का संकल्प दिलाते हुए कहा की सभी तेली समाज के लोग अपने सरनेम के साथ मोदी अवश्य लिखें। इस अवसर पर समाज के प्रतिभावान छात्रों समाजसेवियों समाज के उत्कृष्ट छात्रों का सम्मान किया गया। इस गौशाला में निःशुल्क एंबुलेंस की सुविधा गौवंश और लोगों को मिल सकेगी।
अपने बच्चों में प्रतिस्पर्द्धा की भावना पैदा करें
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए चंबल संभाग के पुलिस महानिरीक्षक वेदप्रकाश गुप्ता ने कहा कि बच्चों में प्रतिस्पर्द्धा की भावना उत्पन्न करें। इससे शिक्षा में निखार आ सके। कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित तेली राठौर समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं मोदी बाबा आश्रम ट्रस्ट संचालक नरेंद्र साहू ने समाज में फैली तमाम कुरीतियों को खत्म करने की अपील करते हुए शादी समारोह आदि में व्यय होने वाले धन को समाज सुधार में लगाने की अपील की। इस अवसर पर कोमल साहू ,भितरवार साहू समाज अध्यक्ष नंद किशोर साहू, पूरनलाल साहू, काशीराम साहू, भगवानलाल मोदी, गौरी साहू, विजय साहू, विनोद मोदी, सरमन, मनोज साहू ,धर्मेंद्र साहू, कमल मोदी ,दीपक साहू, पवन साहू एवं समाज के हजारों लोग उपस्थित थे।

बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal