ग्वालियर-
पिछले 24 घंटे में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अलग-अलग स्थानों पर पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं नौ लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार भिंड में रविवार की दोपहर ग्रामीण अंचल में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। पहली घटना दबोह में दोपहर तीन बजे के करीब की है। जबकि दूसरी घटना रौन थाना क्षेत्र के रायकोट और बोहरा गांव की है। बताया जा रहा है कि दबोह के बढ़ागांव नंबर दो निवासी परशुराम दौहरे पुत्र राजाराम दौहरे ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी मीरा (38) रविवार की दोपहर तीन बजे खेत पर धान की बुआई कर रही थी।
तभी अचानक मौसम में परिवर्तन हुआ और बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई और आकाशीय बिजली गिरने से उनकी पत्नी मीरा की मौत हो गई। इसके बाद शाम 4.30 बजे रौन थाना क्षेत्र के रायकोट गांव में खेत पर पशु चरा रहे बदलू बघेल (50) पुत्र भागीरथ की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। इसी समय बौहरा गांव में सुकृता जाटव (60) पत्नी धनोले जाटव खेत से लौट रही थी। तभी रास्ते में बारिश होने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से उनकी भी मौत हो गई।
चरवाहे की बिजली गिरने से मौत : मुरैना जिले में एक चरवाहे की बिजली गिरने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार जौरा थाना क्षेत्र के ग्राम तोड़ी निवासी भरत बघेल (28) कल अपनी भेड़ों को चराने गांव के समीप स्थित पहाड़ पर गया था। परिजनों ने उसकी तलाश की तो पहाड़ पर वह मृत पड़ा हुआ मिला और उसके शव के समीप एक सांड भी झुलसा पड़ा था।
शिवपुरी में आठ झुलसे : पुलिस ने बताया कि शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम टीक बेहट में रविवार शाम एक ही परिवार के आठ लोग बिजली की चपेट में आने से झुलस गए। यह सभी लोग खेत पर सब्जी के पौधे रोप रहे थे तभी अचानक बारिश होने लगी जिससे बचने के लिए सभी खेत पर लगे एक पेड़ के नीचे आ गए उसी दौरान बिजली पेड़ पर गिरी।
श्योपुर में एक की मौत एक झुलसा: श्योपुर जिले विजयपुर थाना क्षेत्र के मढ़ागांव में सरोज (40), कमला कुशवाह (41) खेत में कल शाम निदाई का कार्य कर रही थी। तभी बिजली गिरने से सरोज की मौके पर मौत हो गयी जबकि कमला को गंभीर हालत में ग्वालियर रैफर किया गया है। सोई क्षेत्र में चली तेज हवा से मकानों की टीन-टप्पर उड़ गए। कई पेड़ धराशाई हो गए कई जगह बिजली लाइन टूटने से बिजली कई घंटे गुल रही।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal