ग्वालियर –
भिंड में पति की एलआईसी पॉलिसी फर्जी तरीके से खत्म कराकर पैसा निकालने वाली पत्नी, एजेंट और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ शहर कोतवाली पुलिस ने पति की फरियाद पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। पति पिछले छह साल से धोखाधड़ी करने वाली पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए पुलिस के चक्कर लगा रहा था। अंत में सीएम हैल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने उसका केस दर्ज कर लिया।

डिडी निवासी शेर सिंह ने बताया कि वे सीआरपीएफ में नौकरी करते थें। इस दौरान उनकी पत्नी मीनादेवी ने एलआईसी के अफसरों से सांठगांठ कर फर्जी हस्ताक्षर कर समय पूर्व उसे खत्म कराकर 38,813 रुपए निकाल लिए। इसी प्रकार एक अन्य एलआईसी पॉलिसी को भी समय से पहले खत्म कराकर उससे 22,650 रुपए निकाल लिए। इन दोनों पॉलिसियों को खत्म कराने में एलआईसी एजेंट नरेश शुक्ला निवासी वनखंडेश्वर मंदिर के पास, भिंड ने विशेष सहयोग किया।
वहीं खास बात तो यह है कि पहली पॉलिसी की आधी राशि 13,622 रुपए का चैक सिर्फ शेर सिंह के नाम से एलआईसी से बनाया गया था। लेकिन इस चैक को भी अकोड़ा डाक घर के खाताधारक रामविलास निवासी गांधी नगर के खाते में डालकर भुगतान कर लिया गया। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में जांच पड़ताल के बाद आरोपी पत्नी मीनादेवी यादव निवासी पुरानी बस्ती, रामविलास निवासी गांधी नगर और नरेश शुक्ला निवासी वनखंडेश्वर रोड के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal