ग्वालियर।
इस वर्ष बारिश के मौसम में बैसली नदी को पुनर्जीवित करने की जिला पंचायत द्वारा योजना बनाई गई है। तीन से पांच साल की इस योजना के लिए 42 पंचायतों का चयन किया गया है। योजना के तहत भूमि के अंदर प्राचूर मात्रा में जल पहुंचाया जाएगा। इसके लिए इन पंचायतों के तालाबों का संधारण, चेकडैम, कन्टूटेंच एवं लूज बोल्ड के कार्य किए जा रहे हैं। भूमि और पहाड़ों में जल पहुंचते ही बैसली नदी के उद्गम में जल का प्रवाह प्रारंभ हो जाएगा।

गुर्री गांव से बैसली नदी का उद्गम है। 33 किलोमीटर ग्रामीण क्षेत्रों से बहने के बाद यह नदी गोहद के बांध में जाकर समाप्त हो जाती है। इस दौरान इसके बीच में 42 जिला पंचायत आती हैं। इन पंचायतों में भूजलस्तर को बढ़ाने के लिए जिला पंचायत ने 2000 प्रोजेक्ट बनाएं हैं। इनमें से 500 प्रोजेक्टों पर कार्य शुरू कर दिया गया है।
यह हैं 42 जिला पंचायतें, यहां पर होंगे कार्य
जिन 42 जिला पंचायतों में बैसली नदी को पुनर्जीवित करने का कार्य प्रारंभ किया गया है उनमें हस्तिनापुर, मुख्तिया का पुरा, राहुली, बहरोली, भटपुरा, गुर्री, मुगलपुरा, सेंथा, गयापुर, आरोली, भरौली, उटीला, बड़ेरा, बहांगी खुर्द, डबका, दूबना, निरावली, टंकोली, टिहोली, पारसेन, सुमावली, सरसपुरा आदि शामिल हैं।
पहाड़ियों पर होगा कन्टूटेंच का कार्य
पहाड़ी पर ही बारिश के जल को जमीन के अंदर पहुंचाने के लिए कन्टूटेंच का कार्य किया जाएगा। इसके लिए 42 जिला पंचायतों के अंदर आने वाली अधिकांश पहाड़ियों का चयन कर लिया गया है। कन्टूटेंच कार्य में पहाड़ी को जगह-जगह छोटे-छोटे हिस्सों में समतल कर दिया जाता है। इसके बाद इस समतल हिस्से के तीन तरफ छोटी मेड़ बना दी जाती है। साथ ही इसमे पौधरोपण भी किया जाता है। बारिश का पानी पहाड़ी से बहकर सीधा इन कन्टूटेंच में जाता है। यहां से पानी को जमीन सोख लेती है। एक ही पहाड़ी पर सैकड़ों कन्टूटेंच बनाए जाते हैं। इससे अधिकांश बारिश का पानी जमीन में चला जाता है।
8 तालाब 6 चेकडैम में होगा पानी का संग्रहण
बारिश के पानी से भूजलस्तर को बढ़ाने के लिए 8 तालाबों और 6 चेकडेम में पानी एकत्रित किया जाएगा। साथ ही 15 कन्टूटेंच एवं 8 लूज बोल्ड में पानी को एकत्रित किया जाएगा। इसके साथ ही कुओं को भी रिचार्ज किया जाएगा। साथ ही सोख पिट तैयार की जाएगी।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal