ग्वालियर। एक सैलून के अंदर ब्यूटीशियन की लाश फांसी के फंदे पर लटकी मिली है, लेकिन मृतका के पैर जमीन पर टिके थे। वह तीन दिन से अपने घर भी नहीं गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मर्ग कायम कर लिया है। मृतका के भाई ने संचालक पर हत्या का आरोप लगाया है। ऐसा बताया गया है कि मृतका का सैलून संचालक से सुबह झगड़ा भी हुआ था। हालांकि संचालक ने इससे इनकार किया है। घटना फालका बाजार की है।
हजीरा स्थित संजय नगर की रहने वालीं आकांक्षा पुत्री प्रदीप पाल (20) फालका बाजार में संदीप भदौरिया के डोंट वरी स्किन एंड हेयर केयर सैलून पर काम करती थीं। तीन दिन पहले वह अपने घर से सैलून के लिए निकली थीं। इसके बाद घर नहीं गईं। परिजनों ने जब उनसे बात की तो बोली कि वह काम अधिक होने की वजह से पार्लर पर ही हैं। दोपहर करीब 1 बजे पार्लर पर वह और एक पुरुष कर्मचारी अरमान मौजूद थे। अरमान सामान खरीदने के लिए बाहर चला गया।
जब वह लौटकर आया तो अंदर से सैलून का दरवाजा बंद था। उसने कुछ लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा तो आकांक्षा फांसी के फंदे पर लटकी थीं। खिड़की के एंगल से दुपट्टा बंधा था और फंदा गले में था। आकांक्षा के पैर मुड़े थे, जो जमीन पर टिके थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इंदरगंज थाना पुलिस पहुंची और शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
संचालक संदीप भदौरिया और मृतका के परिजन भी पहुंच गए। मृतका के भाई ने संचालक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस इस आरोप की भी जांच कर रही है। टीआई इंदरगंज मनीष डाबर का कहना है, प्राथमिक पड़ताल में मामला आत्महत्या का लग रहा है लेकिन स्पष्ट नहीं है। दोनों एंगल पर जांच की जा रही है
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal