ग्वालियर
नगर निगम के क्षेत्रीय कार्यालय से संपत्तिकर का कलेक्शन लेकर वैन में बैठ रहे कलेक्शन एजेंट पर नकाबपोश बाइक सवार बदमाश पिस्टल अड़ाकर रुपयों से भरा बैग लूटकर ले गए। वारदात के समय कलेक्शन एजेंट के साथ गार्ड, वैन चालक भी थे, लेकिन बदमाशों ने सभी को गन प्वाइंट पर ले रखा था। लूट के बाद बाइक सवार बदमाश हवा में पिस्टल लहराते हुए डीडी नगर की गलियों में कहीं गायब हो गए। वारदात दोपहर 12.35 बजे डीडी नगर स्थित नगर निगम के क्षेत्रीय कार्यालय के बाहर हुई। दिनदहाड़े लूट की खबर ने पुलिस अफसरों के होश उड़ा दिए। तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। बीते एक महीने में बाइक सवार बदमाशों ने शहर में दिनदहाड़े तीसरी वारदात को अंजाम दिया है।
मुरैना निवासी अमित पुत्र रामवीर डंडौतिया भोपाल की राइटर सेफ गार्ड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में बतौर कस्टोरियन (कलेक्शन एजेंट) जॉब करता है। कंपनी का कोटक महिन्द्रा बैंक से टाइअप है। यह बैंक के लिए बाजार, शासकीय ऑफिस से प्रतिदिन कलेक्शन लेते हुए शाम को कोटक महिन्द्रा की सिटी सेंटर ब्रांच पहुंचकर कलेक्शन डिपोजिट करते हैं। सोमवार को प्रतिदिन की तरह अमित वैन में सवार होकर कलेक्शन के लिए निकला था। साथ में वैन चालक हेमंत कुशवाह निवासी कम्पू, गार्ड शंकर सिंह कुशवाह निवासी हजीरा भी थे। सबसे पहले वह स्टेशन बजरिया पहुंचा, यहां डीबी मॉल में 5 शोरूम से कलेक्शन करीब 1.16 लाख रुपए लिए। इसके बाद वह डीडी नगर स्थित नगर निगम के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे। यहां गार्ड व चालक कार में ही रहे। अमित नगर निगम के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे। यहां से 1.73 लाख रुपए लिए पेपर में लपेटकर उस पर स्लिप लगाकर बैग में डाल लिए। अमित बैग लेकर वैन के पास पहुंचे। वैन का शटर गेट खुला था। उन्होंने बैग सीट पर रखा ही था। तभी पीछे से किसी ने उन पर पिस्टल अड़ा दी। मुड़कर देखा तो एक नकाबपोश बदमाश पिस्टल तानकर खड़ा था। इसी बदमाश का दूसरा साथी चालक व गार्ड की तरफ पिस्टल ताने हुए था। एक बदमाश बाइक पर बैठा था। अमित ने तत्काल बैग उन्हें दे दिया। इसके बाद बदमाश बाइक पर सवार हुए और डीडी नगर के अंदर से गलियों में कहीं गायब हो गए। इसके बाद अमित ने पहले नगर निगम के कार्यालय में बताया फिर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एएसपी शहर अभिरंजन सिंह, सीएसपी रवि भदौरिया व थाना प्रभारी महाराजपुरा मौके पर पहुंच गए। बाइक सवारों की तलाश में दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिली।
2 मिनट में पूरी वारदात को दिया अंजाम
घटना के चश्मदीद वैन चालक हेमंत व गार्ड शंकर सिंह कुशवाह की मानें तो बदमाश आए और पिस्टल अड़ा दी। सिर्फ डेढ़ से दो मिनट में वह पूरी वारदात को अंजाम देकर चले गए। बदमाश संख्या में 3 थे। तीनों के चेहरे ढके थे। उनके पास पल्सर बाइक थी। तीनों बदमाश जींस-टीशर्ट पहने हुए थे। उम्र भी 25 से 30 वर्ष होगी। कद काठी भी सामान्य थी।
डीबी मॉल से ही पीछे लगे थे बदमाश
अमित कोटक महिन्द्रा के लिए शहर के 18 प्वाइंट से प्रतिदिन कैश कलेक्ट कर बैंक पहुंचता है। यह बात बदमाशों को पता थी। पुलिस को भी आशंका है कि सोमवार सुबह जब कलेक्शन एजेंट डीबी मॉल पहुंचा तो वहीं से बदमाश उसके पीछे लग गए। बीच में कहीं वारदात का मौका नहीं मिला। डीडी नगर में नगर निगम क्षेत्रीय कार्यालय के पास सुनसान देखकर वारदात को अंजाम दिया। यदि यहां भी सफल नहीं होते तो फिर सिटी सेंटर बैंक के आसपास वह मौका तलाशते। इसी उधेड़बुन में घटना के बाद से पुलिस अफसरों ने डीबी मॉल से लेकर डीडी नगर के बीच सड़क, चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी है। कई जगह संदेही पल्सर सवार जैसे दिखे हैं। पर फुटेज में दिखने वाले लुटेरे हैं यह साफ नहीं है।
पिछले 4 से 5 साल में सोमवार का दिन हमेशा से पुलिस के लिए भारी रहा है। शहर में होने वाली 15 बड़ी लूट की वारदातों में से 11 वारदातें सोमवार के दिन हुई हैं। विशेषकर सिटी सेंटर के आसपास बैंक के सामने सभी लूट सोमवार के दिन होती हैं। इसके पीछे कारण यही है कि शनिवार और रविवार को बैंक के अवकाश के बाद सोमवार को लगभग दो दिन का कैश लेकर जब भी व्यापारी या कलेक्शन एजेंट आते हैं तो लूट में मोटा माल मिल जाता है।
दिनदहाड़े तीसरी लूट
-20 अप्रैल को शनिचरा रोड पर मशीन ऑपरेटर पर इसी तरह कट्टा तानकर 17 लाख की डीजी ट्रैक मशीन लूटी थी।
– 29 अप्रैल हुजरात कोतवाली में फर्नीचर करोबारी पर कट्टा अड़ाकर 3 लाख नकद लूटे थे।
– 27 मई को डीडी नगर में 2.89 लाख रुपए की लूट पिस्टल अड़ाकर की।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal