ग्वालियर-
शंकरपुर स्टेडियम के पास एक युवक का शव पड़ा मिला है। शव के पास ही एक डंडा मिला है। एक हाथ भी लटका हुआ है। आशंका है कि पहले युवक की डंडे से पिटाई की गई है। उसके बाद गुप्तांग काटकर हत्या की गई है। पुलिस भी मृतक के गुप्तांग पर चोट होने की पुष्टि करते हुए हत्या की आशंका से इनकार नहीं कर रही है। लेकिन पड़ताल के बजाए पुरानी छावनी व बहोड़ापुर थाना पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। उसके बाद एएसपी सतेंद्र सिंह तोमर को मौके पर पहुंचना पड़ा। पुलिस का कहना है कि मृतक की मौत का राज शव की पहचान होने के साथ ही पीएम रिपोर्ट से खुल सकेगा।

शंकरपुर में टमाटर बेचने जा रहे एक व्यक्ति को निर्माणाधीन स्टेडियम के पास एक युवक का शव सड़क किनारे पड़ा नजर आया। टमाटर वाले ने इसकी सूचना तत्काल पुरानी छावनी थाना पुलिस को दी। टीआई केपीएस यादव भी पड़ताल करने मौके पर पहुंच गए, लेकिन शव पुरानी छावनी व बहोड़ापुर थाने के बॉर्डर पर होने के कारण पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। दोनों ही थाने युवक का शव उठाने के लिए तैयार नहीं थे। एएसपी सतेंद्र सिंह तोमर को मौके पर पहुंचना पड़ा। विवाद के बाद पड़ताल की जिम्मेदारी बहोड़ापुर थाना पुलिस को दी गई।
पसलियों पर थे घसीटे जाने के निशान-
मृतक युवक की उम्र 25 वर्ष के आसपास है। युवक कैफरी व लाल रंग की बनियान पहने है। शव के पास ही एक मोटा डंडा पड़ा मिला है। मृतक के पसली पर घसीटे जाने के निशान हैं। इसके अलावा एक हाथ भी लटका हुआ है। गुप्तांग भी खून से सना है। आशंका है कि युवक के गुप्तांग पर धारदार हथियार से प्रहार कर उसकी हत्या की गई है। जिस हालत में युवक का शव मिला है, उससे साफ है कि उसकी हत्या हुई है। पुलिस ने जांच के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी मौके पर बुला लिया। मृतक के पैरों में चप्पल व जूते भी नहीं है। आशंका है कि युवक की हत्या अन्य किसी स्थान पर की गई और शव यहां फेंका गया है।
पहचान से ही खुलेगा मौत का राज
बहोड़ापुर थाना टीआई विवेक अष्ठाना ने बताया कि शुरुआती जांच के बाद शव को पहचान के लिए डेड हाउस में रखवा दिया है। शव की पहचान के लिए शहर के साथ ही देहात के थानों को मैसेज भेज दिया है। मुरैना पुलिस को भी युवक का शव मिलने की सूचना दी है। पुलिस का दावा है कि मृतक की मौत का राज उसकी पहचान व पीएम रिपोर्ट से हो सकेगा।
अवैध संबंधों के चलते हत्या की आशंका
युवक का शव मिलने के बाद पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है। जिस हालत में युवक का शव मिला है, उससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या अवैध संबंधों के चलते की गई है।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal