ग्वालियर।
दो दिन पहले सड़क पर घायल मिले युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। मृतक रिश्तेदार की शादी में शामिल होकर घर लौट रहा था तभी अज्ञात वाहन उसे टक्कर मार गया। घटना नयागांव-बनवार रोड की है। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। फिलहाल मामला दर्ज कर पड़ताल की जा रही है।
पनिहार के बनवार गांव निवासी राजकुमार (45) पुत्र धन्नालाल कबाड़ा का व्यवसाय करता है। वह अपनी बाइक पर गांव-गांव से कबाड़ा एकत्रित कर बाजार में बड़े कबाड़ी को बेचता है। परिवार में उसके अलावा पत्नी गुड्डन, बच्चे सौरभ (15) व बेटी मोना (10) हैं। राजकुमार एक रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने के लिए ग्वालियर आया था। रात को यहीं ठहरा। अगले दिन शाम को वह अपनी बाइक से घर लौट रहा था। अभी वह पनिहार के नयागांव से बनवार रोड पर पहुंचा ही था कि तभी कोई अज्ञात तेज रफ्तार वाहन उसे टक्कर मार गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ। सड़क पर घायल पड़े राजकुमार को कुछ राहगीरों ने एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। करीब 30 घंटे इलाज के बाद राजकुमार ने दम तोड़ दिया। अस्पताल की सूचना पर पनिहार पुलिस ने शव को निगरनी में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। साथ ही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal