ग्वालियर- 5 मई को मेला मैदान में होने जा रही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आमसभा के मंच की इस बार न सिर्फ जगह बदली गई है बल्कि उसकी दिशा भी बदल दी गई है। भारतीय जनता पार्टी ने ऐसा विधानसभा चुनाव में अंचल के विपरीत नतीजों को देखते हुए किया है। पीएम मोदी की सभा के मंच पर ग्वालियर, मुरैना और भिंड लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे भाजपा उम्मीदवारों के साथ पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहेंगे। सभास्थल पर मंच के साथ ही पंडाल आदि के साथ अन्य व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
5 मई की आमसभा के लिए मेला मैदान में दक्षिण-पश्चिम दिशा में तैयार हो रहा मंच। 16 नवंबर 2018 को पीएम मोदी की आमसभा का मंच, जो दक्षिण दिशा में बनाया गया था।
इस बार दक्षिण-पश्चिम दिशा में मंच, 30 फीट आगे भी लाए
विधानसभा चुनाव के दौरान 16 नवंबर 2018 को पीएम मोदी ने मेला मैदान में चुनावी सभा को संबोधित किया था। तब सभा मंच दक्षिण दिशा में बनाया गया था। सभा के मंच पर ग्वालियर चंबल संभाग की 34 विधानसभा सीटों में से 20 सीटों के भाजपा उम्मीदवार मौजूद थे। पीएम मोदी इन्हीं के समर्थन में सभा संबोधित करने आए थे। चुनाव के नतीजे घोषित हुए तो इनमें से पहले दौर में सिर्फ एक उम्मीदवार ही जीत हासिल कर सका। जबकि एक अन्य उम्मीदवार कड़े संघर्ष के साथ दूसरे दिन विजयी घोषित किए गए। ग्वालियर-चंबल संभाग के इन नतीजोें ने भाजपा को निराश किया और वह प्रदेश में फिर से सरकार बनाने से चूक गई। इसी के चलते लोकसभा चुनाव में मोदी की सभा के लिए मंच जहां विधानसभा चुनाव के दौरान बनाए गए मंच के स्थान से करीब तीस फीट आगे लाया गया है, वहीं उसकी दिशा दक्षिण-पश्चिम रखी गई है।
मंच का गणित
ऊंचाई 8 फीट
चौड़ाई 36 फीट
गहराई 28 फीट
मेला मैदान में रविवार काे होगी पीएम मोदी की सभा, ग्वालियर, मुरैना और भिंड के उम्मीदवार भी रहेंगे मौजूद
2019
2018
विमानतल पर मिलेंगे 8-10 नेता बाकी मंच के नीचे मिल सकेंगे
पीएम मोदी की विमानतल पर अगवानी 8-10 लोग करेंगे। जबकि सभा स्थल पर 15-20 पार्टी नेताओं की मुलाकात का कार्यक्रम तय किया जा रहा है। दोनों स्थानों पर कौन-कहां रहेगा, यह शनिवार की शाम तक तय हो जाएगा। पीएम मोदी शाम 5.30 बजे विमानतल पर उतरेंगे। यहां चुनिंदा जनप्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद 5.50 बजे सभास्थल पर पहुंचेंगे। 6.30 बजे तक मंच पर रहने के बाद विमानतल के लिए रवाना होंगे।
युवा मोर्चा निकालेगा बाइक रैली
पीएम की सभा को लेकर तैयारी में जुटी भाजपा ने शुक्रवार को महिला मोर्चा और युवा मोर्चा ने बैठकें कीं। मोदी हाउस पर हुई भाजयुमो की बैठक में तय हुआ कि मेला मैदान में पीएम की सभा से पहले 5 मई को युवा मोर्चा शहरी क्षेत्र की तीनों विधानसभा क्षेत्रों से अलग-अलग बाइक रैली निकालेगी। इसमें ग्वालियर दक्षिण की बाइक रैली हेमू कालानी चौक से, ग्वालियर पूर्व की रैली मुरार बारादरी से और ग्वालियर की हजीरा इंटक मैदान से शुरू होगी। तीनों क्षेत्रों की रैलियां मेला के संस्कृति गार्डन पहुंचेंगी।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal