ग्वालियर।
शहर और देहात में ट्रिपिंग व अघोषित मेंटेनेंस से लोग परेशान हैं। बिजली कंपनी फॉल्ट की आड़ में सप्लाई नहीं दे रही है। शहर के 30 फीडर और देहात के 30 फीडरों पर ट्रिपिंग मुसीबत बनी हुई है। सालभर मेंटेनेंस में लगी बिजली कंपनी को अब भी मेंटेनेंस करने की जरूरत पड़ रही है।
अब मेंटेनेंस की अनुमति के लिए उर्जा विभाग के प्रमुख सचिव से कलेक्टर
अनुराग चौधरी चर्चा करेंगे और इसके बाद ही मेंटेनेंस की अनुमति मिलेगी। रविवार को बिजली कंपनी के अधिकारियों के साथ कलेक्टर अनुराग चौधरी की समीक्षा बैठक में यह हकीकत सामने आई। कलेक्टर अनुराग चौधरी ने कहा कि जिले में बिजली की आपूर्ति निर्बाध रूप से की जाना चाहिए। अघोषित रूप से बिजली कटौती नहीं होना चाहिए।
बिजली कंपनी की समीक्षा बैठक रविवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, सीईओ जिला पंचायत शिवम वर्मा, एडीएम संदीप केरकेट्टा, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य, एडिशनल एसपी पंकज पाण्डेय सहित विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर अनुराग चौधरी ने बैठक में कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए बिजली आपूर्ति निर्बाध रूप से लोगों को मिलना चाहिए। किन्हीं कारणों से अगर विद्युत सप्लाई प्रभावित होना हो तो संबंधित क्षेत्र के लोगों को इसकी जानकारी दी जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि नियमित सप्लाई के लिए अगर कोई अति आवश्यक मेंटेनेंस का कार्य हो तो उसका प्लान तैयार कर प्रस्तुत करें, ताकि प्लान-वे में मेंटेनेंस का कार्य किया जा सके।
16 से नामांकन हैं, बिजली नहीं जानी चाहिए
कलेक्टर ने बैठक में यह भी निर्देशित किया कि लोकसभा निर्वाचन के लिए 16 अप्रैल से नाम निर्देशन पत्र जमा करने का कार्य शुरू हो रहा है। इसके साथ ही एमएलबी कॉलेज से मतदान सामग्री वितरण तथा मतगणना का कार्य होगा। दोनों ही स्थानों पर विद्युत की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। एमएलबी कॉलेज परिसर में जो भी कार्य किया जाना है, उसे तत्काल पूर्ण कर लिया जाए। इसके साथ ही सभी मतदान केंद्रों पर विद्युत की आपूर्ति के साथ ही कनेक्शन आदि की व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने बैठक में कहा कि विद्युत पोलों के कारण कई स्थानों पर यातयात प्रभावित हो रहा है। पुलिस विभाग द्वारा लगभग 25 स्थानों की सूची भी विद्युत विभाग को दे दी गई है। इन स्थानों से विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने की कार्रवाई तत्परता से की जाए।
बिजली गुल हो तो यहां करें फोन
टोल फ्री नंबर 18002331912, 0751-2551222 और 1912 नंबर पर कोई भी व्यक्ति बिजली से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकता है।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal