ग्वालियर-
सस्ते फ्लैटनोएडा में दिलाने के नाम पर बुआ-फूफा से 31 लाख 36 हजार रुपए ठगने वाले भतीजे व उसके साथियों के खिलाफ पड़ाव थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों ने फ्लैट का निर्माण कार्य कराने का झांसा देकर फूफा सौरभ सिंघल से किस्तों में यह रुपए अपने खाते में ट्रांसफर कराए। पूरे रुपए पहुंचने पर जब सौरभ नोएडा में फ्लैट देखने पहुंचे तो वहां कुछ नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने भतीजे व उसके साथियों से रुपए वापस मांगे लेकिन वे देने से मुकर गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पड़ाव थाना पुलिस ने जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पड़ाव स्थित कांति नगर निवासी सौरभ पुत्र गोवर्धन सिंघल ने पड़ाव थाने में लिखित शिकायत कर बताया कि अर्पित गुप्ता रिश्ते में उनकी पत्नी का भतीजा है। अर्पित और उसके मित्र अतुल गोयल व सुनील कुमार ने 6 फरवरी 2014 को उनसे संपर्क कर बताया कि नोएडा में इन्वेस्ट के हिसाब से फ्लैट खरीद लो। साथ ही उन्होंने बताया कि किस्तों में 32 लाख की राशि निर्माण कार्य पूर्ण होने तक देनी है। निर्माण के बाद इस फ्लैट की कीमत दोगुना से अधिक हो जाएगी। सौरभ, भतीजे की बातों पर भरोसा कर फ्लैट खरीदने के लिए राजी हो गए। इसके बाद उन्होंने किस्तों में पैसा देना शुरू कर दिया, दो साल में इनके पास 31 लाख 36 हजार 200 रुपए पहुंच गए। जब वे फ्लैट देखने के लिए नोएडा पहुंचे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जिस स्थान पर मल्टी बनना बताया गया था, वहां खाली जमीन पड़ी थी।
साढ़े इक्तीस लाख देने से मुकरा
सौरभ सिंघल ने पुलिस को बताया कि मामला रिश्तेदार से जुड़ा था, इसलिए पहले उन्होंने रिश्तेदारों के साथ बैठकर पैसा वापसी के लिए अर्पित गुप्ता व उसके साथियों पर दबाव बनाया। तीन साल तक बातचीत चलती रही, लेकिन अब यह लोग पैसा वापस करने से साफ मुकर गए। पड़ाव थाना पुलिस ने जांच के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal