ग्वालियर-शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस ने स्मैक और गांजा तस्करों पर कार्रवाई की। पुलिस ने दो स्मैक तस्कर और एक गांजा तस्कर को पकड़ा है। स्मैक तस्कर उप्र से स्मैक लेकर आए थे और ग्वालियर के ग्रामीण इलाकों में सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस उन लोगों की भी तलाश कर रही थी, जिन्हें यह लोग सप्लाई करने जा रहे थे।

टीआई जनकगंज ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि रात को ढोली बुवा पुल के पास एक संदिग्ध युवक के खड़े होने की सूचना मिली। घेराबंदी कर उसे पकड़ा तो उसके पास से स्मैक की पुड़ियां बरामद हुईं। उसने अपना नाम लक्ष्मण उर्फ कल्लू पुत्र मुन्नालाल कुशवाह निवासी रामगढ़, डबरा बताया। उसके पास से 45 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 45 हजार रुपए है। उसने बताया कि वह यहां स्मैक सप्लाई करने के लिए आया था। इसके अलावा सतीश पुत्र रमेश शर्मा निवासी रिठौरा कलां मुरैना को गिरफ्तार किया। उसके पास से 15 ग्राम स्मैक बरामद हुई। वहीं कोतवाली थाना पुलिस ने देवेन्द्र पुत्र मेहताब सिंह राणा को डेढ़ किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया।
सिटी सेंटर में पकड़ा हुक्का बार, नशा कर रहे युवक भागे
सिटी सेंटर में एक और हुक्का बार पकड़ा गया है। नशा कर रहे युवक तो भाग निकले लेकिन पुलिस ने संचालकों को गिरफ्तार कर लिया। यहां से नशे की सामग्री और हुक्का बरामद हुआ है। सिटी सेंटर में कई जगह हुक्का बार संचालित होने की शिकायत एसपी नवनीत भसीन को मिल रही थी। एसपी ने टीआई यूनिवर्सिटी और क्राइम ब्रांच को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गुरुवार शाम को पटेल नगर में छापा मारा। यहां बैकअप के नाम से हुक्का बार चल रहा था। बाहर बैकअप बार के नाम का बोर्ड लगा था। हुक्का बार चलाने वाले अनूप यादव निवासी हुरावली और विनय यादव निवासी थाटीपुर को गिरफ्तार कर लिया है।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal