भोपाल- पूर्व मुख्यमंत्री एवं भोपाल संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने कहा है कि भाजपा के शासनकाल में प्रदेश में जितने भी घोटाले हुए हैं, उनमें मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह और उनका परिवार शामिल रहा है। जबकि प्रदेश की भाजपा सरकार मेरे खिलाफ 15 साल तक षड़यंत्र करती रही।
मैं भी 10 साल तक प्रदेश का मुख्यमंत्री रहा, लेकिन भ्रष्टाचार का एक भी आरोप मेरे ऊपर नहीं है। मैं इस मामले में शिवराज सिंह को खुले मंच पर बहस की चुनौती देता हूं। दिग्विजय सिंह पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने भोपाल से टिकट देने के लिए राहुल गांधी और कमलनाथ का आभार जताया।
16 साल बाद लड़ रहा हूं चुनाव
दिग्विजय सिंह ने कहा कि इसके पहले मैं 2003 में चुनाव लड़ा था। इसके बाद अब लगभग 16 साल बाद चुनाव मैदान में हूं। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की कृपा से राजनीति में यहां तक पहुंचा हूं। मैं राहुल जी से मिला था, उन्हें राज्यसभा में भेजने के लिए आभार जताया था और लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए अपनी सीट राजगढ़ बताई थी। साथ ही मैंने उन्हें कमलनाथ से कही ये बात भी बताई कि मुझे प्रदेश में कहीं से भी चुनाव लड़वा दीजिए।
चुनौतियां स्वीकार करना मेरी फितरत
दिग्विजय सिंह ने शिवराज को मंच पर आकर बहस करने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि चुनौतियां स्वीकार करना मेरी फितरत। 1977 का वो चुनाव, जिसमें जनता पार्टी की लहर थी। उस समय मैं जीवन का पहला चुनाव लड़ा। उस समय के गिने-चुने विधायकों में एक था।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि मौजूदा भोपाल को बनाने में एक ही व्यक्ति को श्रेय जाता है और वह हैं श्री शंकर दयाल शर्मा।
चुनाव आते ही कांग्रेसी नेताओं को भगवान याद आते हैं
इधर, शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय गौरव के जो विषय हैं, उन पर विपक्ष का सतही राजनीति करना उचित नहीं है। ‘मिशन शक्ति’ जैसे राष्ट्रहित के फैसले लेने के लिए दृढ़ इच्छा शक्ति की आवश्यकता होती है। दिग्विजय सिंह पहले खुद को मिसलीड करते थे, लेकिन अब राहुल गांधी को भी उन्होंने मिस लीडर बना दिया है। अब वह देश को लगातार मिसलीड कर रहे हैं। कांग्रेस के नेता हिन्दू के नाम से ऐसे बिदकते हैं, जैसे लाल कपड़ा दिखाने पर सांड़ बिदकता है। लेकिन चुनाव आते ही इन्हें भगवान याद आते हैं, धर्म-कर्म याद आता है। जनता सब जानती है, चुनाव में इन्हें जवाब देगी।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal