ग्वालियर-
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अलग-अलग प्रोजेक्ट के तहत करीब 2 हजार करोड़ रुपए खर्च कर दिए, लेकिन कंपनी घरेलू उपभोक्ताओं को सही बिल जारी नहीं कर पा रही है। क्योंकि ग्वालियर रीजन के 7 सर्कलों में 10 लाख 98 हजार 653 उपभोक्ताओं के यहां मीटर नहीं है। इन उपभोक्ताओं को अंदाज (आकलित आधार पर) से बिल दिए जा रहे हैं। इस कारण कंपनी के पास गलत बिलिंग की शिकायतें अधिक हैं। अगर मीटर उपलब्धता पर नजर डालें तो ग्वालियर व गुना स्थित स्टोर में सिंगल व थ्री फेस के 24 हजार 369 मीटर ही उपलब्ध हैं। इससे उपभोक्ताओं की जरूरत पूरी नहीं हो रही है।
बिजली कंपनी ने ऊर्जा सुधार कार्यक्रम के तहत शहर व गांव में अटल ज्योति योजना के तहत लाइनों का सुधार किया था और उपभोक्ताओं के घर नए मीटर लगाए गए। सौभाग्य योजना के तहत भी नए कनेक्शन दिए गए हैं। हर उपभोक्ता को मीटर की खपत के आधार पर ही बिल जारी होने चाहिए, लेकिन मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ग्वालियर रीजन में 10 लाख 98 हजार 653 उपभोक्ताओं को बिना मीटर के ही बिल जारी कर रही है। सर्दियों में उपभोक्ता की खपत कम रहती है, लेकिन 300 यूनिट तक बिल जारी किए गए हैं। इस कारण गलत बिलिंग की शिकायतें भी अधिक हैं।
एक भी जोन नहीं कर पाए आकलित खपत मुक्त
-पिछले हफ्ते ऊर्जा मंत्रालय के प्रमुख सचिव ने कंपनी के कार्यों की समीक्षा की थी। इस समीक्षा के दौरान प्रमुख सचिव ने सर्कलों से जानकारी मांगी थी कि उन्होंने कितने जोन को आकलित खपत मुक्त कर दिया है। एक निर्धारित फॉर्मेट में यह जानकारी पेश करनी थी, लेकिन सर्कलों ने खाली फॉर्मेट प्रमुख सचिव के समक्ष पेश किया, क्योंकि रीजन में एक भी जोन आकलित खपत मुक्त नहीं हुआ था।
– वर्ष 2016 से ऊर्जा मंत्रालय आदेश दे रहा है कि सर्कल अपने-अपने जोनों को आकलित खपत मुक्त करे। इसके टारगेट भी निर्धारित किए हैं, लेकिन टारगेट को पूरा नहीं कर पा रहे हैं।
– बिजली उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम में हर महीने 40 केस सुने जाते हैं। इसमें 90 फीसदी केस आकलति खपत से जुड़े होते हैं। क्योंकि उपभोक्ता की शिकायत होती है कि मीटर बदलने के लिए आवेदन दे चुके हैं, लेकिन कंपनी ने नहीं बदला। आकलित खपत के बिल जारी कर रहे हैं।
15 दिन में बदलना होता है मीटर
बिजली नियामक आयोग ने मीटर बदलने का समय निर्धारित किया है। अगर शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में मीटर खराब हो जाता है तो उसको निर्धारित समय में बदलना होता है। शहर में 15 दिन में मीटर बदलना होता है। अगर कंपनी नहीं बदलती है तो उपभोक्ता कंपनी से हर्जाने की राशि लेने का हकदार हो जाता है।
– ग्वालियर सिटी सर्कल में उपभोक्ताओं के कई महीनों से मीटर खराब पड़े हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं है। जनवरी 2019 में कंपनी ने जोन स्तर पर शिविर लगाए थे। इन शिविरों में खराब मीटर की शिकायतें अधिक आई थीं।
खराब क्वालिटी की वजह से हुए हैं खराब
बिजली कंपनी ने प्रोजेक्ट के तहत जितने भी मीटर लगाए हैं, उनकी क्वालिटी निम्न स्तर की है। इस कारण खराब मीटरों की संख्या बढ़ गई है। जैसे कि ग्वालियर शहर में 89 हजार नए मीटर लगाए गए थे। इसमें 80 फीसदी मीटर खराब हो चुके हैं। गारंटी पीरिएड में दो से तीन बार बदल चुके हैं।
– मीटरों में डिस्प्ले चला जाना, तेज भागना, चलते-चलते मीटर रुक जाने की शिकायतें अधिक आई थीं। इस कारण सिटी सर्कल में 34 हजार 711 मीटर खराब हैं।
ग्वालियर रीजन में खराब व बिना मीटर उपभोक्ताओं की स्थिति
सर्कल मीटर खराब मीटर नहीं लगाए
ग्वालियर सिटी 34711 1
ओएंडएम ग्वालियर 107408 98245
मुरैना 98185 96443
भिंड 83068 99385
गुना 134676 88323
शिवपुरी 84605 85246
श्योपुर 57236 31122
इनका कहना है
– मैं अभी छुट्टी पर हूं। कंपनी का प्रभार दूसरे अधिकारी पर है। इसलिए ऑफिसियल कुछ नहीं कह सकता हूं।
डॉ. संजय गोयल, एमडी बिजली कंपनी

loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal