ग्वालियर- पूर्व मंत्रीऔर बजरंग दल के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया ने राम मंदिर मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर असहमति जताते हुए कहा है कि मध्यस्थता और समझौता तब मायने रखते हैं, जब उस मामले में कोई विकल्प की स्थितियां हों। उन्होंने कहा भगवान श्री राम की जन्मभूमि और गर्भगृह पर मंदिर निर्माण के बारे में समझौते की कल्पना भी नहीं की जा सकती। बची हुई भूमि और उसके आस-पास के बारे में संत समाज पहले ही घोषणा कर चुका है कि अयोध्या की पंचकोशी परिक्रमा के भीतर भी बाबर के नाम पर कोई मस्जिद स्वीकार नहीं है।
पवैया ने सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले पर जिसमें इस मामले का हल एक बार फिर बातचीत के जरिये ढूंढ़ने के लिए तीन सदस्यीय पैनल तैयार किया है, पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा- मेरा व्यक्तिगत मत है कि उस विदेशी आक्रांता के नाम पर या बाबरी ढांचे की याद में एक ईंट भी रखने की कोशिश की गई तो उसका वही हश्र होगा जो 1992 में हिंदुओं का धैर्य टूटने के कारण ढांचे का हुआ था।
वे सच जानते हैं: उन्होंने कहा कि समझौता आखिर किस बात का होना चाहिए, जब यह साबित हो चुका है कि खुदाई के दौरान ढांचे के नीचे राम मंदिर के अवशेष मिले हैं और श्री राम की जन्मभूमि वही है। बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी या उवैशी जैसे लोग जानते हैं कि वहां कभी मस्जिद रही ही नहीं। वह इमारत विदेशी हमलावर के द्वारा हिंदू आस्था पर बनाया गया एक अपमानजनक अतिक्रमण था। क्योंकि वहां नमाज तो कभी अता हो ही नहीं सकती थी।
इनसे सीखें: पवैया ने कहा कि हम लोगों को रूस जैसे कम्युनिस्ट देश से सीखना चाहिए कि उसने द्वितीय विश्वयुद्ध में हमलावरों द्वारा तोड़े गए ग्रीक देवताओं के मंदिरों का पुनर्निर्माण कराया। उनकी आस्था देवताओं में भले ही नहीं थी, लेकिन रूस के लोग अपने देश में गुलामी के निशान बर्दाश्त करने को तैयार नहीं थे। उन्होंने कहा कि एक अरब हिंदुओं को समय पर न्याय नहीं मिल पाए इसके लिए कांग्रेस के बड़े वकील और मुस्लिमों का भयादोहन करके अपनी रोटियां सेंकने वाले कुछ नेता इस तरह के पैंतरे चलते रहते हैं। चंद्रशेखर जी और अटल जी के समय इस तरह की चालें कामयाब नहीं हो सकीं। उन्होंने कहा कि वहां सिर्फ मंदिर और मंदिर ही बनेगा। उसी तरह जैसे वेटिकन सिटी, यरूशलम और मक्का-मदीना में अन्य धर्म स्थानों की कल्पना नहीं कर सकते, अयोध्या भी हमारे लिए उसी तरह है।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal