ग्वालियर – पिछले 15 दिनों से आरटीओ अमले द्वारा ऐसे वाहन चालकों का चालान काटा जा रहा है, जो नंबर प्लेट पर पदनाम, पार्टी व संस्था के झंडे के रंग के स्टीकर व कार में हूटर लगाकर चल रहे हैं। अब तक 100 से ज्यादा वाहनों का चालान काटने की कार्रवाई की जा चुकी है। फिर भी लोग नंबर प्लेट से पदनाम हटाने को तैयार नहीं है। इस पर एआरटीओ ने गांधीगिरी की रास्ता अपनाया। चालान काटने की बजाय आरटीओ अमले ने ऐसे वाहन चालकों को सिटी सेंटर में रोककर गुलाब का फूल देकर समझाइश दी।
कलेक्टोरेट जा रहीं डिप्टी कलेक्टर पुष्पा पुष्पाम की कार की नंबर प्लेट में मप्र शासन लिखा होने के कारण ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर जयदीप पुंगलिया ने उनकी कार रोक ली। इसके बाद एआरटीअो रिंकू शर्मा ने डिप्टी कलेक्टर को गुलाब का फूल देते हुए कहा कि मैडम आज तो हम चालान नहीं काट रहे लेकिन कार की नंबर प्लेट पर जो मप्र शासन लिखा है उसे जरूर हटवा लें, अन्यथा चालान काटने की कार्रवाई की जाएगी। इस पर डिप्टी कलेक्टर मुस्करा दीं। शुक्रवार को 15 से ज्यादा वाहन चालकों को गुलाब का फूल देकर नियमों के तहत वाहन चलाने की हिदायत दी गई।
वहीं कार की नंबर प्लेट में भाजपा के झंडे के रंग का स्टीकर लगाने पर जयकरन सिंह कुशवाह की कार ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर ने रोक ली। इस पर श्री कुशवाह ने अपना परिचय देते हुए कहा कि ग्रामीण विस सीट से भाजपा विधायक भारत सिंह कुशवाह के वे भाई हैं। इस पर टीएसआई ने गुलाब का फूल देते हुए कहा कि आज तो वे चालान नहीं काट रहे, केवल समझाइश दे रहे हैं। यदि नंबर प्लेट से स्टीकर नहीं हटाया तो अगली बार जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं कार की नंबर प्लेट पर राष्ट्रीय समता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष लिखे होने पर अमले ने कार रोकी तो उसने अमले से कहा कि उसके चाचा डॉ. राजकुमार सिंह कुशवाह की कार है। वही राष्ट्रीय समता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं। इस पर टीएसआई ने कहा कि आज ही नंबर प्लेट से पदनाम हटवा लें।
सरकारी अफसर भी वाहन के नंबर प्लेट में पदनाम नहीं लिख सकते ।यदि नंबर प्लेट में मप्र शासन लिखा मिला तो कलेक्टर के निर्देश पर संबंधित अफसर का चालान काटने की कार्रवाई की जाएगी। गुलाब का फूल देकर लोगों को समझाइश दी है। रिंकू शर्मा, एआरटीओ
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal