ग्वालियर-बारात में घुसकर महिलाओं के बीच डांस करने से रोकने पर नाराज युवकों ने व्यापारी पर कट्टे से फायर किया था। गोली व्यापारी के सिर में लगी थी। गंभीर हालत में व्यापारी को मेदांता हॉस्पिटल गुड़गांव व जेएएच में भर्ती कराया गया था। जहांव्यापारी ने दम तोड़ दिया। घटना 25 जनवरी रात 9.20 बजे दतिया की गगोई वाटिका के गेट पर हुई थी। घटना के बाद गोली चलाने वाले एक आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया गया था, जबकि उसके तीन साथी फरार हैं। मृतक व्यापारी ग्वालियर के अचलेश्वर मंदिर के पास रहता है। घटना के बाद से व्यापारियों में आक्रोश है।
यह हुई थी घटना
अचलेश्वर मंदिर के पास सेन्ट्रल मॉल के पीछे निवासी संजय (45) पुत्र स्व. हरिशंकर गुप्ता व्यवसायी हैं। अचलेश्वर रोड पर ही उनकी स्टेशनरी, फोटो एडिटिंग की दुकान है। व्यापारी 25 जनवरी को परिवार सहित दतिया अपने साले संतोष गुप्ता के बेटे इंजीनियर राहुल गुप्ता की शादी में शामिल होने गए थे। रात 9.20 बजे बारात दतिया के बाजार से होते हुए कार्यक्रम स्थल गगोई वाटिका के गेट के सामने सड़क पर पहुंची। यहां बारात में महिलाओं के बीच डांस करने के लिए 4 युवक घुस गए। ये महिलाओं के बीच में अभद्रता के साथ डांस करने लगे।
महिलाओं को डांस के दौरान टच करने पर व्यापारी संजय गुप्ता ने युवकों से विरोध जताया और उन्हें बारात से बाहर रहने को कहा। इस पर युवकों ने व्यापारी से विवाद शुरू कर दिया। गाली गलोज करने लगे। इसी समय वहां मौजूद अन्य लोगों ने उन्हें वहां से हटा दिया। तभी चार में से एक युवक ने कट्टा निकालकर फायर कर दिया। गोली व्यापारी के सिर में पीछे की ओर लगी। व्यापारी बेहोश होकर वहीं गिर पड़ा। भीड़ ने एक आरोपी पवन अहिरवार निवासी भदौरिया खिड़की दतिया को वहीं पकड़ लिया। जबकि अन्य फरार हो गए।
मेदांता से जेएएच तक दौड़, नहीं बचा सके जान
घटना के बाद परिवार के सदस्य व्यापारी को मेदांता हॉस्पिटल गुड़गांव लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर्स ने उनके सिर का ऑपरेशन कर गोली निकाली। इसके बाद उनको परिजन जेएएच ले आए। पर यहां मंगलवार रात अचानक उनकी हालत बिगड़ी और कोई कुछ समझ पाता उससे पहले व्यापारी संजय गुप्ता ने दम तोड़ दिया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। व्यापारी के शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम कराया। साथ ही मर्ग कायम कर केस डायरी दतिया कोतवाली पहुंचा दी गई है।
कैसे बारात में शामिल हुए हमलावर

पता लगा कि हमलावर पवन अहिरवार, बेटू खान, शिवम सिहारे, दीपू सेन बारात में किसी रिश्तेदार अंशु के दोस्त बनकर आए थे। कुछ दूर तक वह बारात में आराम से चलते रहे पर इसके बाद वह जहां महिलाएं व लड़कियां डांस कर रही थीं वहीं घुसकर नाचने लगे। इस दौरान वह अभद्र डांस व महिलाओं को टच करने लगे। जिस पर व्यापारी ने विरोध जताया था।
मौत से पहले घटी थी अजीब घटना
मंगलवार रात को व्यापारी की मौत हो गई। उससे पहले दोपहर में ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में जब वह भर्ती थे तब कोई आकर उनके अंगूठे पर स्याही लगाकर किसी कागज पर थम्ब प्रिंट ले गया था। जब पत्नी ने अंगूठे पर स्याही लगी देखी तो यह बात सामने आई थी। इस तरह थम्ब इम्प्रेशन लेने का क्या मतलब है अभी तक सामने नहीं आया है।
अकेले थे घर में कमाने वाले
संजय अपने पिता के इकतौते बेटे थे। उनके दो बेटियां व एक बेटा है। एक बेटी की शादी हो चुकी है। जबकि एक बेटी छोटी है। बेटा समर्थ (16) 11वीं का छात्र है। घटना के बाद से व्यापारी की पत्नी किरन गुप्ता व बेटा समर्थ सदमे में है। अब परिवार की जिम्मेदारी उनके ही कंधों पर है।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal