ग्वालियर- सिटी सेंटर में डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टेबलिशमेंट(डीआरडीई)लैबोरेटरी को शिफ्ट करने के लिए 100 एकड़ जमीन तलाशने का काम 15 दिन में पूरा कर लिया जाएगा। डीआरडीई लैब के लिए 100 एकड़ जमीन की जरूरत होगी जिसके लिए शहर से करीब 20 से 25 किमी के दायरे में यह जमीन देखी जाएगी।

जिला प्रशासन एवं डीआरडीई के अधिकारियों के बीच इस संबंध में चर्चा भी हुई। सिटी सेंटर में लैब के 200 मीटर के दायरे में निर्माणों को लेकर चल रहे मसले को हल करने के लिए यह पूरी कवायद हो रही है। इस बार डीआरडीई लैब को नई जगह जमीन देते वक्त ही यह ध्यान रखा जाएगा कि उनका 200 मीटर का दायरा भी उनकी जमीन में शामिल किया जाएगा।
ज्ञात रहे कि डीआरडीई की लैबोरेटरी को शिफ्ट करने का मामला कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में शहर के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में उठा था। शहर विकास से जुड़े अहम मसलों को लेकर सांसद सिंधिया ने अधिकारियों को जानकारी सहित अगले ही दिन भोपाल में बुलाया और वहां सीएम कमलनाथ की मौजूदगी में चर्चा हुई। स्मार्ट सिटी,डीआरडीई लैब,एक हजार बिस्तर अस्पताल की पार्किंग सहित विभिन्न मसलों पर सहमति बनी थी। इसी क्रम में प्रशासन के अधिकारियों ने बुधवार को डीआरडीई के अधिकारियों से चर्चा की।
सिर्फ लैब होगी शिफ्ट,शेष सब यथावत रहेगा
डीआरडीई की सिर्फ लैब शिफ्टिंग की जाएगी। डीआरडीई अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के लिहाज से महत्वपूर्ण संस्थान है जिसे पूरा का पूरा शिफ्ट करना संभव नहीं है। सिटी सेंटर में लैब के दो सौ मीटर दायरे में निर्माण न किए जाने के नियम के कारण क्षेत्रवासियों के लिए समस्या खड़ी हो गई है। वर्तमान में आबादी क्षेत्र बन चुके सिटी सेंटर से लैब हट जाने के कारण यहां के लोगों को राहत भी हो जाएगी।
200 मीटर हद और डबल होगी बाउंड्री
डीआरडीई की लैब के साथ 200 मीटर में निर्माण न किए जाने के नियम का अब नए आवंटन में खासकर ख्याल रखा जाएगा। नई जगह जमीन देने के साथ दो सौ मीटर का दायरा भी डीआरडीई के लिए रहेगा जिससे उसके बाद कोई निर्माण कार्य हो तो रक्षा मंत्रालय को कोई आपत्ति न हो। पहली बाउंड्री डीआरडीई लैबोरेटरी की होगी और उसके बाद दो सौ मीटर की बाउंड्री भी अलग से होगी।
जल्द दी जाएगी जमीन
डीआरडीई की लैब को शिफ्ट करने के लिए 15-20 दिन में जमीन तलाश कर आवंटन कर दिया जाएगा। 200 मीटर की हद को लेकर भी ध्यान रखा जाएगा और वह क्षेत्र उनके पास ही रहेगा। 100 एकड़ जमीन शहर से 20 से 25 किमी के दायरे में देखी जा रही है- भरत यादव,कलेक्टर ग्वालियर
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal