ग्वालियर-
किसानों परमंदसौर में गोलियां बरसाई गईं। तब मैंने संकल्प लिया कि जब तक प्रदेश से भाजपा सरकार को नहीं उखाड़ फेकूंगा तब तक फूलों की माला नहीं पहनूंगा। आपने ताकत दी और मामा(पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान) को हटाकर मेरा संकल्प पूरा कर दिया। अब हमें नोटबंदी और गब्बर सिंह टैक्स(जीएसटी) लगाकर छोटे से लेकर बड़े व्यापारी तक के कारोबार को चौपट करने वाले चाचा(प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) को हटाना है। यह बदलाव भी आप ही करेंगे। मेरा खून और पसीना मिलकर आपकी ताकत बनेगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व गुना-शिवपुरी सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर, पूर्व और दक्षिण विधानसभा सीटों पर मिली जीत के बाद आयोजित धन्यवाद सभाओं में यह बात कही।


मेरा खून और पसीना विकास के साथ
सबसे पहली सभा मुरार के सदर बाजार चौराहे पर हुई। सांसद सिंधिया ने कहा कि पूर्व की जनता ने मुन्नाालाल गोयल को जिताकर मेरे और विकास का साथ दिया है। मेरा खून और पसीना विकास के साथ है। प्रदेश में भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाकर विकास का रास्ता खोल दिया है। ग्वालियर की पानी, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए मैं अपना पूरा योगदान दूंगा, यह भरोसा दिलाता हूं। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी-योगी को सबक सिखाने यूपी भेजा है। इसलिए लोकसभा चुनाव के दौरान आप लोगों के बीच कम रह पाऊंगा।
हर गरीब को खाद्यान्ना मिले इसलिए प्रद्युम्न को मंत्री बनाया
हजीरा के इंटक मैदान पर आयोजित ग्वालियर विधानसभा की धन्यवाद सभा में सांसद सिंधिया ने कहा कि प्रदेश में अब कोई गरीब भूखा नहीं सो सकेगा। गरीब का खाद्यान्न अब तक भाजपा नेता खा जाते थे। अब ऐसा नहीं होगा। इसलिए जुझारू, संघर्षशील प्रद्युम्न सिंह तोमर को मुख्यमंत्री ने यह विभाग दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को प्रदेश से भगाने के बाद अब मोदी को हटाना होगा। वे ग्वालियर की जनता के हर दुख दर्द में साथ हैं।
विधायक को तत्काल बताएं समस्याएं
आखिरी सभा हेमू कालानी चौक बाड़ा पर हुई। दक्षिण विधानसभा सीट पर 15 साल बाद मिली जीत पर सिंधिया ने कहा कि इसके लिए क्षेत्र की जनता धन्यवाद की पात्र है। आपने प्रदेश में कांग्रेस को सत्ता में लाकर हर वर्ग को न्याय का रास्ता साफ कर दिया है। आपकी कोई भी समस्या हो, तत्काल उसे अपने विधायक प्रवीण पाठक को बताएं। मैं भी आपके हर दुख दर्द में शामिल हूं। प्रदेश सरकार आपके साथ है। सभाओं में शहर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा, रामवरन गुर्जर, अशोक सिंह, सुनील शर्मा, अशोक शर्मा, देवेन्द्र तोमर, अशोक प्रेमी, लतीफ खा मल्लू, कृष्णराव दीक्षित, चतुर्भुज धनोलिया, सुरेन्द्र परमार चच्चू, सुनील शिवहरे, लाला शिवहरे, रघुराज राजपूत, प्रेमसिंह गौरव, वीर सिंह, कुट्टा पहलवान आदि मौजूद थे। इससे पहले शताब्दी एक्सप्रेस से आए सिंधिया का स्टेशन पर स्वागत किया गया।
मंत्री का स्वास्थ्य देखने पहुंचे
सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी का हालचाल जानने माधौगंज थाने के पास स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे। मंत्री इमरती देवी अस्वस्थ हैैं।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal