ग्वालियर-
शिक्षण संस्थान यानी स्कूल, कॉलेज, छात्रावास के 100 मीटर के दायरे में नशीले पदार्थों की बिक्री पर कानूनन पाबंदी है, लेकिन भितरवार कस्बे की नर्सरी के पास स्थित आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित दो कन्या छात्रावास के पास रोज शराब बिक रही है। यहां रोज शाम जाम छलकते हैं और असामाजिक तत्वों का जमघट लगा रहने से छात्रावासों में रहने वाली छात्राएं डरी-सहमी रहती हैं। विभाग ने छात्राओं की सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं किया है। इस कारण छात्राओं को अपने-अपने कमरों में कैद रहना पड़ता है। प्रशासन इन हालात को जानकार भी अनजान बना हुआ है।
गौरतलब है कि भितरवार कस्बे में नर्सरी के पास छात्रावास का भवन हुआ है। इसमें शासकीय कन्या विमुक्त छात्रावास, जूनियर कन्या छात्रावास संचालित हो रहा है। इन छात्रावासों में कक्षा 2 से 5वी तथा कक्षा 9वी से 10वी तक छात्राएं रहती हैं। जिस जगह यह छात्रावास भवन बना है, वहीं पास में अवैध शराब बनाने वाले कंजर जाति के लोगों की बस्ती है। वहां अवैध रूप से शराब बनाई भी जाती है और अवैध रूप से शराब की बिक्री भी की जाती है। वहां सुरक्षा की दृष्टि से कोई कोई इंतजाम नहीं किए गए है और न ही चौकीदार की व्यवस्था की गई है। रोज शाम को असामाजिक तत्वों के जमावड़े के कारण छात्राएं बाहर नहीं निकल पाती हैं। इस संबंध में कई बार आदिम जाति कल्याण विभाग के अधिकारी व अधीक्षक शिकायत की जा चुकी हैं, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
शाम होते ही सजती है शराबियों की महफिल
छात्रावास के पास ही कंजरों द्वारा शराब बेची जाने के कारण रोजाना शराबियों की भीड़ लगती है और जाम छलकते हैं। कंजरों द्वारा अपनी-अपनी गुमटियों में अवैध रूप से शराब बेचने का कारोबार किया जाता है, लेकिन प्रशासन द्वारा इन पर कोई रोक नहीं लगाई गई है। कभी-कभार कार्रवाई कर कंजरों को भगा दिया जाता है, लेकिन एक-दो दिन बाद कंजर फिर से डेरा जमा लेते हैं और शराब की बिक्री का दौर शुरू हो जाता है। छात्रावास के पास शराबियों के जमघट के कारण यहां रहने वाली छात्राएं दहशत में रहती हैं और डर के कारण कमरों से बाहर तक नहीं निकलती है। कई बार कंजरों द्वारा दिन में ही शराब की बिक्री शुरू कर दी जाती है।
आबकारी विभाग नहीं करता कार्रवाई
आबकारी विभाग की लापरवाही के कारण कंजरों द्वारा बेखौफ होकर कन्या छात्रावास के पास बैठकर शराब का कारोबार किया जा रहा है और रोजाना शाम होते ही सुराप्रेमियों को जमघट लगना शुरू हो जाता है। छात्रावास के पास बिक रही शराब को बंद कराने के लिए छात्रावास अधीक्षक कई बार शिकायत कर चुके है, लेकिन आबकारी विभाग द्वारा अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। इसका फायदा उठाकर कंजर बेखौफ होकर शराब बेच रहे हैं।
इनका कहना है
छात्रावास के पास कंजरों द्वारा बेची जाने वाली शराब पर रोक लगाने लिए जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। हम लोगों ने ऐसी जगहों को टारगेट किया है जहां अवैध रूप से शराब का विक्रय किया जा रहा है। इन लोगों पर अंकुश लगाने के लिए शीघ्र ही कार्रवाई की जाएगी।
-अमीर खान, उपनिरीक्षक आबकारी विभाग डबरा।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal