ग्वालियर-
प्रशासन की लापरवाही और पुलिस की लापरवाही के कारण दोपहर 12 बजे एनएच 75 ग्वालियर-झांसी हाइवे स्थित रामगढ़ पुल पर जाम लग गया। इस कारण पिछोर तिराहे से झांसी रोड चुंगी तक सैकड़ों वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम दो घंटे तक लगा रहा। इसमें फंसे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम खुलवाने के लिए शहर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों ओर के वाहनों को धीरे-धीरे निकलवाया।
गौरतलब है इन दिनों रामगढ़ पुलिया का निर्माण कार्य चल रहा है। इस कारण पिछले दो दिनों से पुल के सामने बनने वाले दूसरे पुल पर सीसी सतह बनाई जा रही है। सुबह सड़क पर रखे गए मिक्सर प्लांट के कारण हाइवे का ट्रैफिक रुक गया। इससे पिछोर तिराहे से झांसी चुंगी तक सैंकड़ों वाहनों की कतार लग गई। हालांकि एक साइड ट्रैफिक निकालने के लिए छोड़ी गई थी, लेकिन छोटे वाहनों के चालकों की जल्दबाजी के कारण रास्ता जाम हो गया और धीरे-धीरे वाहनों की कतार लग गई। प्रशासन की लापरवाही के कारण रामगढ़ पुलिया से निकलने वाले वाहन चालकों को आए दिन जाम की परेशानी से जूझना पड़ रहा है। सोमवार को भी बसों में बैठे यात्रियों को लगभग दो घंटे तक गर्मी और उमस से परेशान होना पड़ा।
भारी वाहनों के लिए नहीं वैकल्पिक व्यवस्था
रामगढ़ पुलिया पर हर दूसरे दिन जाम लगा रहता है, क्योंकि भारी और हल्के वाहनों का यहीं से आवागमन होता है। इन दिनों सड़क निर्माण और पुलिया का निर्माण का कार्य चल रहा है। इस कारण ट्रैफिक को एक साइड से ही गुजारा जा रहा है। जरा-सी लापरवाही के कारण हाइवे पर पल भर में जाम लग जाता है और देखते ही देखते वाहनों की लंबी लाइनें लग जाती हैं। शहर के अंदर से निकलने वाले भारी वाहनों के लिए प्रशासन द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। अगर भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला जाए, तो रोजाना लगने वाले जाम से निजात मिल सकती है।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal