ग्वालियर
चैंबर ऑफ कॉमर्स में गणपति कोल्ड स्टोरेज में लगी आग से प्रभावित व्यापारियों की बैठक बुलाई गई। बैठक में व्यापारियों ने कहा कि कोल्ड स्टोरेज संचालक तथ्य छिपा रहे हैं। साथ ही कोई जानकारी भी नहीं दे रहे हैं। उनके रवैये से लग रहा है कि स्टोर में आग उनके द्वारा ही लगाई गई है। इसलिए कोल्ड स्टोरेज संचालक के खिलाफ केस दर्ज कराया जाए। चैंबर के पदाधिकारियों ने कहा कि संचालक को एक मौका दिया जा रहा है। 12 सदस्यीय कमेटी का गठन कर रहे हैं, जो डे-टू-डे की कार्रवाई के लिए कार्य करेगी।
बैठक में व्यापारियों ने अवगत कराया कि गणपति कोल्ड स्टोरेज के संचालक अजय गुप्ता का व्यवहार घटना दिनांक से ही सहयोगात्मक नहीं रहा है। वह किसी भी प्रकार की जानकारी नहीं दे रहे हैं और व्यापारियों के साथ अभद्रतापूर्वक व्यवहार कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना था कि संचालक ने अपने निजी गोदाम में जलने से बचा हुआ माल रख लिया है। कोल्ड स्टोरेज की बीमित राशि कितनी है, यह भी नहीं बताया जा रहा है। साथ ही रात के अंधेरे में माल को ठिकाने लगाया जा रहा है। व्यापारियों के मन में इतना असंतोष है कि वे कोल्ड स्टोरेज संचालक के खिलाफ एफआईआर का मन बना चुके हैं। पीड़ित व्यापारियों की पीड़ा पर चर्चा के बाद चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने कहा कि एफआईआर से पहले एक मौका और कोल्ड स्टोरेज संचालक को दिया जाना चाहिए। इसके लिए चैंबर पदाधिकारियों सहित पीड़ित व्यापारियों की एक समिति बनाई जाएगी, जो डे-टू-डे इस प्रकरण में लाइन ऑफ एक्शन तय करेगी। इसके बाद चैंम्बर के छह पदाधिकारियों सहित व्यापार समिति दाल बाजार के सचिव राजेश बांदिल, वेदप्रकाश गोयल, ओमप्रकाश गुप्ता, संतोष गुप्ता, दिलीप खण्डेलवाल व राजेश वाधवानी को शामिल कर समिति गठित की गई है। बैठक में चैंबर के संयुक्त अध्यक्ष यश कुमार गोयल, मानसेवी सचिव डॉ. प्रवीण अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष गोकुल बंसल सहित काफी संख्या में व्यवसायी उपस्थित थे।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal