ग्वालियर-
ग्वालियर विकास प्राधिकरण द्वारा सर्राफा बाजार का लोड कम करने और शहर के मध्य में बेहतर शॉपिंग मॉल के लिए बनाया गया माधव प्लाजा फ्लॉप हो गया। माधव प्लाजा को बने हुए 6 साल बीत गए लेकिन इसका अभी तक शुभारंभ नहीं हो सका है। माधव प्लाजा को वैभव रूप एवं आरामदायक बनाने के लिए लगाया गया सेंट्रल एसी सिस्टम की गांरटी भी खत्म हो गई है। साथ ही सेंट्रल एसी सिस्टम को चलाने के लिए बिजली विभाग से लिए गए अतिरिक्त लोड के कारण जीडीए को हर माह तीन लाख रुपए का बिजली बिल भी भरना पड़ रहा है।
ग्वालियर विकास प्राधिकरण ने जिंसी नाला नम्बर 2 में माधव प्लाजा बनाया है। चार मंजिला इस प्लाजा में 576 दुकानों का जीडीए ने निर्माण किया है। लेकिन इस प्लाजा में अभी तक सिर्फ एक ही दुकान का शुभारंभ हो सका है। वहीं अन्य 575 दुकानें आज भी बंद पड़ी हैं। माधव प्लाजा को बड़े शहरों की तर्ज पर बनाने के लिए ग्वालियर विकास प्राधिकरण ने सेंट्रल एसी सिस्टम लगाया है जिससे पूरा माधव प्लाजा ठंडा रहे सके। लेकिन माधव प्लाजा का अभी शुभारंभ भी नहीं हो पाया है और एसी सिस्टम की गांरटी जो कि 4 साल की थी वहवर्ष 2016-17 में ही खत्म हो चुकी है। माधव प्लाजा को ठंडा रखने के लिए लगाए गए सेंट्रल एसी सिस्टम की लागत 12 करोड़ रुपए आई थी। वहीं माधव प्लाजा को बनाने में शासन ने 75 करोड़ रुपए की राशि खर्च की है।
ऐसे अटका माधव प्लाजा
माधव प्लाजा के निर्माण के समय ग्वालियर विकास प्राधिकरण ने पर्यावरण की एनओसी नहीं ली थी। माधव प्लाजा जब पूर्ण होने को आया तभी पर्यावरण विभाग के नोटिस के बाद इसकी एनओसी लेने की प्रक्रिया शुरू की गई। लेकिन इस एनओसी को लेने में प्राधिकरण को 6 साल का समय लग गया लेकिन अभी तक माधव प्लाजा को पर्यावरण की एनओसी नहीं मिल सकी है।
खरीदार मांग रहे हैं पैसे वापस
ग्वालियर विकास प्राधिकरण के माधव प्लाजा में लाखों रुपए लगाकर दुकानें खरीदने वाले हितग्राही इसका शुभारंभ नहीं होने के कारण अपने पैसे वापस मांग रहे हैं। लेकिन वर्तमान में प्राधिकरण की हालत खराब होने के कारण वह हितग्रहियों के पैसे लौटाने में भी सक्षम नहीं है।
हाईकोर्ट ने स्टे लगा रखा है इसके कारण पर्यावरण की एनओसी नहीं मिल पा रही है। वहीं अभी जब तक रजिस्टार ऑफिस माधव प्लाजा में था उस समय लगातार सेंट्रल एसी सिस्टम को चलाया गया। अभी एनओसी नहीं मिल पाने के कारण माधव प्लाजा का शुभारंभ नहीं हो पा रहा है।
सुभाष सक्सेना,कार्यपालन यंत्री
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal