ग्वालियर-
व्यापारी, डॉक्टर और शहर केरिटायर्ड कर्मचारियों का एक समूह प्रतिदिन आपस में 20-20 रुपए एकत्र करता है। सालभर में जब राशि इकट्ठी हो जाती है तो उससे गरीब कन्याओं का विवाह कराया जाता है। यह सिलसिला 9 साल से जारी है। अब तक यह समूह 19 से अधिक कन्याओं का विवाह करा चुका है। इन सदस्यों ने मिलकर आदर्श विकास समिति बनाई है। हर बार की तरह इस बार भी यह समिति 23 दिसंबर को दो गरीब कन्याओं का विवाह कराएगी।
9 साल पहले समिति के सदस्य महेश खंडेलवाल के घर पर एक महिला काम करती थी। पैसा न होने के कारण वह अपनी बेटी की शादी नहीं करा पा रही थी। जब महेश ने यह बात अपने साथियों को बताई तो 9 लोगों ने मिलकर उस महिला की बेटी की शादी कराई और तब से ही उन्होंने हर साल गरीब बेटियों के विवाह का संकल्प लिया। धीरे-धीरे समिति में और सदस्य जुड़ते गए। वर्तमान में इस समिति में 17 सदस्य शामिल हैं।
यह देंगे उपहार में: सिलाई मशीन, प्रेशर कुकर, मिक्सी, गैस कनेक्शन के साथ सिलेंडर और चूल्हा, पलंग, अलमारी, गद्दे, चादर, तकिए, कुर्सी टेबल, सोने की लौंग, चेन, बिछिए, पायल, मोबाइल, 11 साड़ियां एवं शॉल।
समिति में यह हैं शामिल
महेश खंडेलवाल, डॉ. अरविंद मित्तल, घनश्याम गुप्ता, बाबू लाल जैन, ब्रजमोहन अग्रवाल, आशू खंडेलवाल, राजेंद्र अग्रवाल, संतोष गुप्ता, महेश गर्ग, एसके गोयल, राजीव बिजपुरिया, राजीव कोठारी, गोविंददास अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, अवनीत गुप्ता, प्रदीप गर्ग, मयूर गोयल समिति में शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली के व्यापारी रमेश खंडेलवाल, नोएडा के रिटायर्ड सेल्स टैक्स कमिश्नर धर्मेंद्र गुप्ता से भी समिति को विशेष सहयोग मिलता है।
ऐसे एकत्र करते हैं पैसे
समिति के सदस्यों ने अपने-अपने घर में एक गुल्लक बना रखी है। इसमें वे प्रतिदिन 20 रुपए डालते हैं। दिसंबर में इन गुल्लकों को खोलकर पैसे एकत्र कर समिति के सदस्य जीडी गुप्ता के पास जमा कर देते हैं। श्री गुप्ता ने बताया कि 20 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से 17 लोगों की सालभर की कुल जमा राशि 1 लाख 22 हजार 400 रुपए हो जाती है।
शादी में नहीं लेते दूसरों की मदद
पैसा बचने पर बच्चों को बांटते हैं स्टेशनरी
प्रतिदिन 20-20 रुपए एकत्र करने के अलावा समिति के सदस्य गरीब कन्या की शादी में जरूरत पड़ने पर अलग से भी पैसा लगाते हैं। कोई भी सदस्य किसी भी सामान की जिम्मेदारी ले लेता है। समिति के सदस्य सारा चंदा आपस में ही करते हैं। अन्य किसी से सहयोग नहीं लेते। शादी से बचने वाले पैसे से समिति के सदस्य सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले गरीब बच्चों की मदद करते हैं। समिति के सदस्य अगस्त में बच्चों को स्कूली बैग, किताब, कॉपी सहित अन्य सामान वितरित करते हैं। इस बार समिति द्वारा दो कन्याओं का विवाह 23 दिसंबर को दीनदयाल नगर स्थित आदर्श पार्क में कराया जाएगा।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal