ग्वालियर-पुलिस आचार संहिता हटते ही रिलेक्स मूड में है। जिसका फायदा उठाते हुए काली बाइक सवार बदमाशों ने 9 घंटे में दो महिलाओं पर झपट्टा मारकर पर्स लूटे हैं। पहली वारदातदोपहर 11 बजे विनय नगर में हुई है। वहीं दूसरी वारदात रात 8 बजे मुरार बारादरी चौराहा पर महिला डॉक्टर के साथ हुई है।
दोनों ही वारदातों में बदमाशों का हुलिया एक जैसा ही सामने आया है। ताबड़तोड़ घटना से दहशत का माहौल है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस स्पॉट पर पहुंची और जांच शुरू की। विनय नगर में स्पॉट के पास से ही बाइक सवार बदमाशों के फुटेज मिले हैं।
बुआ के घर जा रही महिला से लूटा पर्स
विजयपुर निवासी 29 वर्षीय नीतू शर्मा संविदा साला शिक्षक के लिए तैयारी कर रही हैं। उनके पति आईसीआईसीआई बैंक के फाइनेंस सेक्शन में कर्मचारी हैं। नीतू अभी बहोड़ापुर थानाक्षेत्र स्थित आनंद नगर में अपनी मौसी के घर पर ही रहती हैं। सुबह वह थाटीपुर कोचिंग से लौट रही थी। शिंदे की छावनी पर टेंपो से उतरने के बाद उन्होंने बहोड़ापुर तिराहा तक ऑटो लिया। तिराहा से वह पैदल-पैदल विनय नगर में अपनी बुआ के घर मिलने जा रही थीं। अभी वह विनय नगर सामुदायिक भवन के पास पहुंची ही थी कि तभी पीछे से काले रंग की बाइक पर सवार दो बदमाश झपट्टा मारकर पर्स लूट ले गए।
वारदात के बाद नीतू ने शोर भी मचाया, लेकिन जब तक कोई मदद के लिए आता बदमाशा फरार हो गए। उनके पर्स में 7 हजार रुपए, सोने के टॉप्स, एटीएम कार्ड सहित अन्य सामान रखा था।
सीसीटीवी में दिखे लुटेरे
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी है। एक बिल्डिंग में लगे कैमरे में सड़क पर बाइक सवार दो लुटेरे दिखे हैं। दोनों की उम्र 25 से 30 साल है। बाइक चला रहा बदमाश मुंह पर रूमाल बांधे हुए हैं। जिससे उनकी पहचान न हो सके।
दूसरी वारदात, रात 8 बजे
डॉक्टर पर झपट्टा मारकर लूटा पर्स
गोला का मंदिर आदर्श नगर निवासी 30 वर्षीय प्रीति सिंह यादव पत्नी आशीष सिंह डॉक्टर हैं। अभी वह मुरार स्थित गुप्ता हॉस्पिटल में पदस्थ हैं। प्रीति के पति सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और पुणे में किसी कंपनी में हैं। रात 8 बजे हॉस्पिटल से प्रीति अपनी स्कूटी पर सवार होकर थाटीपुर किसी से मिलने के लिए निकली थीं। उन्होंने अपना पर्स आगे स्कूटी पर टांग लिया था। अभी वह मुरार बारादरी चौराहा के नजदीक पहुंची ही थी कि तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाश निकले। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर पर्स लूटा और हुरावली रोड की तरफ भाग गए।
घटना में डॉ. प्रीति गिरते-गिरते बची। इसके बाद उन्होंने स्कूटी से बाइक सवारों का पीछा किया। पर वह स्पीड बढ़ाकर निकल गए। उनके पर्स में दो मोबाइल थे, जिनकी कीमत 50 हजार रुपए बताई गई है। जबकि 5 हजार रुपए नकद व अन्य दस्तावेज रखे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
आर्य नगर की तरफ भागे बदमाश, सीसीटीवी भी तलाशे
घटना के बाद पीड़िता ने बाइक सवारों को पीछा किया। हुरावली लिंक रोड पर कुछ दूर जाने के बाद बदमाश आर्य नगर की गलियों में घुस गए। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक कर रही है। जबकि यहां भी बदमाशों की उम्र 25 से 30 साल और वह काले रंग की बाइक पर सवार थे। हुलिया सुबह हुई घटना से मिलता जुलता था।
नहीं दिखती चेकिंग लगातार हो रही वारदातें
आचार संहिता हटने के बाद पुलिस रिलेक्स मूड में आ गई है। सड़कों पर चेकिंग दिखाई नहीं दे रही है। जिसका नतीजा दिन भर सड़कों पर यातायात जाम रहता है या फिर बाइक सवार बदमाश वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। दो दिन पहले ईदगाह के पास 12वीं की छात्रा से बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल लूटा था। तब एक राहगीर की मदद से दो लुटेरों को पकड़ा गया था। जबकि सोमवार को 9 घंटे में दो वारदातों को अंजाम देकर फिर पुलिस को चुनौती दी है।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal