ग्वालियर-
साढ़े तीन महीने से ग्वालियर-बानमोर बायपास पर रेलवे ओवरब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के बाद हाइवे का पूरा ट्रैफिक शहर के बीच से निकल रहा है। जो शहर के लोगों के लिए आफत बन गया है। बीती रात से दोपहर तक 10 घंटे में तीन सड़क दुघर्टना का कारण यह हैवी ट्रैफिक बना है। जिसमें एक छात्रा की मौत और दो लोगों की जान जाते-जाते बची है। शहर के बीच होकर निकल रहे बेकाबू ट्रक, डंपर व कंटेनर आए दिन सड़क हादसों का कारण बन रहे हैं। जहां से यह ट्रैफिक निकाला जा रहा है वहां से एक सैकड़ा से अधिक स्कूल वाहन प्रतिदिन गुजर रहे हैं। इसके बाद बाद भी साढ़े तीन महीने में अभी तक रेलवे ओवरब्रिज को प्रशासन, पुलिस व एनएचएआई सही नहीं करा सका है। अभी भी यही कहा जा रहा है कि यदि रेलवे से ट्रैफिक ब्लॉक की परमीशन मिल जाए तो एक महीने में पुल की मरम्मत हो सकती है। अन्यथा 6 महीने का समय लग सकता है।
पिछले कुछ घंटों में हुए हादसे
– शनिवार-रविवार दरमियानी रात 3 बजे धर्मवीर पेट्रोल पंप के सामने बेकाबू ट्रक क्रमांक एमपी07 एचबी-1347 ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में लिया। ट्रक को जब्त कर थाना लाया गया है। बाइक सवार घायल है उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
-रविवार सुबह 7 बजे रणधीर कॉलोनी गेट के सामने एक ट्रक ने ऑटो में टक्कर मारी। टक्कर मारने के बाद ट्रक निकल गया। जबकि ऑटो चालक को हाथ और कमर में चोट आई है।
-रविवार दोपहर एक बजे गोला का मंदिर चौराहे पर बेकाबू ट्रक ने टेंपो से उतर रही दो बहनों को चपेट में ले लिया। जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे का शिकार होने से बचते हैं स्कूल वाहन
बायपास पर आरओबी क्षतिग्रस्त होने पर शहर से डीडी नगर, भिंड रोड, भगत सिंह नगर, गोला का मंदिर, हजीरा से रायरू होकर हैवी ट्रैफिक निकाला जा रहा है। यही वह एरिया है जहां दो दर्जन से अधिक बड़े स्कूल हैं। एक सैकड़ा से अधिक स्कूल वाहन प्रतिदिन इसी ट्रैफिक के बीच से बच्चों को लेकर गुजरते हैं। ऊंचे-ऊंचे कंटेनर के चालक को स्कूल के बच्चों को ले जा रहे ऑटो दिखाई भी नहीं देते। ऐसे में रोज हादसों की संभावना रहती है। लेकिन जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन किसी गंभीर हादसे का इंतजार कर रहा है।
24 घंटे में 5 हजार भारी वाहन शहर में
ग्वालियर के डबरा से मुरैना के बानमोर को जोड़ने वाला 45 किलोमीटर लम्बे बायपास पर निरावली गांव के नजदीक रेलवे ओवरब्रिज है। घटिया निर्माण के चलते अक्टूबर 2016 में पुल के राइट साइड का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। जिस पर एनएचएआई (नेशनल हाइवे ऑथारिटी ऑफ इंडिया) के अधिकारियों ने एक तरफ का हिस्सा बंद कराकर दोनों ओर से आने वाले भारी वाहनों को एक ही तरफ से निकालना शुरू कर दिया। दबाव बढ़ने के चलते 27 अगस्त 2018 को दूसरी तरफ भी पुल क्षतिग्रस्त हो गया। इन दो साल में एक तरफ का हिस्सा सही भी नहीं करा पाए। अब बायपास पर पूरा ट्रैफिक रोक दिया गया है। यह पूरा ट्रैफिक लक्ष्मणगढ़ से भिंड रोड के जरिए गोला का मंदिर होते हुए निरावली जा रहा है। प्रतिदिन 5 हजार से अधिक वाहन शहर से गुजर रहे हैं।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal