ग्वालियर-
दतियाजिले के सेंवढ़ा थाना क्षेत्र के ग्राम नहला में एक आदतन अपराधी ने एक किराना दुकानदार की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी और शव कुएं में फेंक दिया। । मृतक और आरोपी के बीच में कुछ दिनों पहले झगड़ा हो गया था। एक दिन पहले ही आरोपी ने मृतक से पहले दोस्ती कर ली और रात में उसे घर से अपने साथ ले गया। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान आरोपी ने मौका मिलते ही कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। सुबह महिलाएं कुएं पर पानी भरने पहुंचीं, तब लोगों को वारदात का पता चला।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नहला निवासी 40 वर्षीय संतराम पुत्र पंचम सिंह निरंजन गांव में मेन रोड पर किराने की दुकान चलाता था। संतराम अविवाहित था और अक्सर अपनी दुकान पर ही रुकता था। मंगलवार रात वह खाना खाने अपने घर पर गया और वहीं सो गया। रात लगभग 12 बजे गांव में रहने वाला मनोज यादव संतराम को लेने उसके घर पहुंचा। संतराम के बड़े भाई वीरेंद्र ने उसे मनोज के साथ जाने से रोका, पर वह नहीं माना। संतराम सुबह तक नहीं लौटा तो उसके भाई ने तलाश शुरू की।
वीरेंद्र पटेल ने पुलिस को बताया कि जाते वक्त मनोज ने कहा था कि वह जाटव मोहल्ला जा रहा है। इसलिए वह सीधा वहीं गया। वहां खून के निशान मिले जिससे वीरेंद्र को अनहोनी की शंका हुई। पुलिस ने इस मामले में फरियादी वीरेंद्र की रिपोर्ट पर आरोपी मनोज यादव, उसके भाई राघवेंद्र सिंह और पिता अतर सिंह यादव के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
निर्वस्त्र कर सिर एवं गर्दन में मारी कुल्हाड़ी
कुएं में मृतक संतराम का शव निर्वस्त्र हालत में मिला। मृतक के सिर और गर्दन के अलावा आंख के पास कुल्हाड़ी का गहरा घाव था। कुएं के पास से तीन सौ मीटर दूर जाटव मोहल्ला तक खून के निशान सीसी सड़क पर मिले। इससे साफ जाहिर होता है कि मृतक को जाटव मोहल्ला में मौत के घाट उतारा गया। वहां से शव को घसीटते हुए कुएं में लाकर फेंका गया। आरोपी की दहशत इतनी है कि उसके बारे में बात करने में लोग कतरा रहे थे।
कुएं में खून दिखा, महिलाएं समझी जानवर फेंका है
ग्रामीणों ने बताया कि प्रजापति मोहल्ले में स्थित कुएं के आसपास मवेशी बांधे जाते हैं। बुधवार की सुबह जब कुछ महिलाएं पशुओं के चारा पानी के लिए गईं तो कुएं के किनारे और कुएं के पानी में खून दिखा। महिलाओं ने पहले समझा कि कोई पशु को मार कर कुएं में डाल गया है। महिलाओं ने गांव में बताया। पड़ोस में रहने वाले लोगों को बुलाया।ग्रामीणों ने कुएं में झांकते ही तलहटी में खून से लथपथ शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
बदमाश ने हर बार शराब के नशे में की वारदात
ग्राम नहला निवासी मनोज यादव ने अब तक तीन हत्या की वारदातों को अंजाम दिया। वर्ष 2004 में गांव के पप्पू भदौरिया की कुल्हाड़ी से हमलाकर हत्या की गई। वर्ष 2014 में भगवत निरंजन की गोली मारकर हत्या की गई। मंगलवार-बुधवार रात संतराम निरंजन की हत्या की गई। इन तीनों में एक समान बात यह रही कि आरोपी ने तीनों वारदातों को शराब के नशे में अंजाम दिया। शराब के नशे में आरोपी वहशी हो जाता है। सेंवढ़ा टीआई अनिल शर्मा ने बताया कि आरोपी मनोज यादव आदतन अपराधी है। पूर्व में भी हत्या के कई मामलों में नामजद रहा है। इसके अलावा पूर्व में जिलाबदर भी रहा।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal