ग्वालियर- विद्युत शवदाह गृह लक्ष्मीगंज स्थित में मंगलवार को तकनीकी खराबी आ गई। मंगलवार को ही कोरोना से एक महिला तथा एक पुरुष की मृत्यु हो गई, लेकिन मशीन खराब होने के कारण उनकी अंत्येष्टि नहीं हो सकी। निगम प्रशासन ने हालांकि तकनीकी खराबी दूर कर सामान्य बीमारी से मृत वृद्ध की अंत्येष्टि विद्युत शवदाह गृह में की। कोरोना संक्रमित शवों की अंत्येष्टि बुधवार की सुबह की जाएगी।
टर्मिनल में खराबी से गिरा तापमान
विद्युत शवदाह का तापमान 600 डिग्री सेल्सियस होने पर ही अंत्येष्टि की जा सकती है, लेकिन मंगलवार को टर्मिनल में खराबी के कारण तापमान 300 डिग्री से ऊपर नहीं जा रहा था। शवदाह गृह के प्रभारी नगर निगम के उपायुक्त डॉ.अतिबल सिंह यादव इलेक्ट्रिशियन को लेकर वहां पहुंचे। इसी बीच वहां विनय नगर सेक्टर 3 निवासी रामकुमार शुक्ला नामक वृद्ध का शव लेकर परिजन पहुंचे। उन्होंने शवदाह गृह में अंत्येष्टि पर सहमति दी। डॉ.यादव ने मशीन को ठीक कराया और देर शाम अंत्येष्टि कर मशीन को चेक किया। अब कोरोना पीड़ित दोनों शवों की अंत्येष्टि बुधवार की सुबह होगी।
खामियां सुधारीं, नहीं लगता समय
विद्युत शवदाह गृह कई सालों से बंद था, लेकिन कोरोना संक्रमितों की मौत ने उसे चालू कर दिया। विद्युत शवदाह गृह में अब न केवल कोरोना संक्रमितों की अंत्येष्टि हो रही है बल्कि सामान्य मौत पर भी परिजन इसमें अंत्येष्टि करा रहे हैं। इस शवदाह गृह में आधा घंटे में ही अंतिम संस्कार हो जाता है और पैसा भी नहीं लगता। इसे देखते हुए निगम प्रशासन ने इसे दुरुस्त कर दिया है।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal