ग्वालियर-
भू-माफिया के बाद सरकार अब स्टोन क्रेशर संचालकों पर सख्ती बरतने की तैयारी कर रही है। खनिज साधन विभाग प्रदेश में संचालित स्टोन क्रेशर का भौतिक सत्यापन कराएगा। जांच में तय मात्रा से ज्यादा खुदाई पाए जाने पर संचालकों से अंतर की राशि वसूल की जाएगी। यह जानकारी शुक्रवार को खनिज मंत्री प्रदीप जायसवाल ने दी। वह भोपाल की एक होटल में मीडिया को अपने एक साल के कार्यकाल की उपलब्धि गिना रहे थे। ग्वालियर संभाग में रेत खदानों को लेकर दो मंत्रियों के बीच चल रहे विवाद पर मंत्री जायसवाल ने कहा कि यह मंत्रियों का नहीं कार्यकर्ताओं का विवाद हो सकता है। जल्द ही इन खदानों को चालू करा दिया जाएगा। खदान बंद होंगी, तो सरकार को राजस्व का नुकसान होगा। वहीं, सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने खनन के विवाद पर कहा कि कोई मंत्री खदान बंद कराता है, कोई फायदे के लिए चालू कराना चाहता है। कोई मंत्री ज्यादा फायदा ना ले जाए इसलिए विधायक मंत्रियों के बीच आपसी घमासान मचा हुआ है। पिछले एक साल में कांग्रेस सरकार के कारण प्रदेश काफी पीछे चला गया है। सरकार के पास किसी भी तरह की विकास की कोई योजना नहीं है, ना ही कोई विजन है।
भिंड-मुरैना में गोलियां चलना आम बात है
एक सवाल पर मंत्री ने कहा कि भिंड-मुरैना में गोलियां चलना आम बात है, लेकिन नीलामी में लीज पर खदान लेने वाले ठेकेदारों को पूरा संरक्षण दिया जाएगा। इन खदानों के चालू होने के बाद अवैध उत्खनन सख्ती से रोक दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नई रेत नीति से लूट के सारे दरवाजे बंद हो गए हैं। मंत्री ने बताया कि अवैध उत्खनन रोकने के लिए कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं।
कोई मंत्री खदान बंद कराता है, कोई फायदे के लिए चालू कराना चाहता है
प्रदेश का दुर्भाग्य है कि भाजपा की सरकार नहीं बन सकी और खामियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। कांग्रेस सरकार विकास करने और कानून व्यवस्था बनाने में विफल रही है। कांग्रेस के मंत्री, विधायक सब एक दूसरे की टांग खींचने में लगे हुए हैं। कोई मंत्री खदान बंद करवाता है तो कोई फायदे के लिए खदान चालू कराना चाहता है। यह बात सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने पत्रकारों से चर्चा में कही। गौरतलब है कि बीते रोज महिला बाल विकास मंत्री इमरती देवी ने रेत खदान चालू कराने के लिए सीएम को पत्र लिखा था। सांसद ने कहा कि सब के सब दोनों हाथों से लूटने में लगे हुए हैं। एक दूसरे को कोई फूटी आंख नहीं सुहा रहा है।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal