

–

*बेरुआरबारी ब्लॉक के करम्मर में आयोजित हुआ गोदभराई व अन्नप्राशन संस्कार कार्यक्रम*
– *सुरक्षित प्रसव, कुपोषण से बचाव व किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य सम्बधी दी गई जानकारी*
बेरुआरबारी (बलिया): क्षेत्र के ग्राम पंचायत करम्मर में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं द्वारा पारंपरिक गीतों के साथ गोदभराई व अन्नप्राशन संस्कार कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर गर्भवती माताओं, किशोरियों और बच्चों का स्वास्थ्य कैसे बेहतर बना रहे, इस पर खुली चर्चा हुई। सीडीपीओ पूनम सिंह ने बच्चों में कुपोषण से बचाव, गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव व किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य सम्बन्धी जरुरी बातें बताई।
उन्होंने कहा कि बच्चों का शुरुआती एक हजार दिन सम्पूर्ण जीवन के स्वास्थ्य के लिहाज से सबसे अहम समय होता है। इन्हीं दिनों में मष्तिष्क का 80 फीसदी विकास हो जाता है। ऐसे में इन्ही दिनों में बेहतर पोषण की जरूरत होती है। महिलाओं से कहा कि गांवों में आसानी से मिल जाने वाले मौसमी फलों को खूब खाएं। गर्भवती महिला के लिए समस्त प्रकार के टीकाकरण व सन्तुलित आहार लेना भी जरूरी है। इस बात का विशेष ख्याल रहे कि प्रसव बाद पहला दूध मां का ही पिलाएं।
अतिथि के रूप से आए सीडीपीओ चिलकहर सुरेन्द्र यादव ने किशोरियों के स्वास्थ्य के दृष्टिगत कुछ अहम सुझाव दिए। कहा, शरीर में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, आयरन, हीमोग्लोबिन आदि का संतुलन बनाने रखने के लिए पौष्टिक आहार लेते रहें। गर्भवती महिला को चौरंगी भोजन देने पर विशेष जोर दिया, जिसमें फल, सब्जी, आयोडीनयुक्त आहार व अनाज शामिल है। कार्यकत्रियों को निर्देश दिया कि इस तरह की लाभकारी जानकारी अपने क्षेत्र में भ्रमण कर देती रहें। कार्यक्रम में छह माह के हो चुके बच्चों को खीर खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार हुआ। वहीं, गर्भवती महिलाओं को पोषाहार व फल की टोकरी देकर उन्हें बेहतर पोषण के लिए जागरूक किया गया। इस अवसर पर मुन्नी देवी, संजू चौहान, मंजू देवी समेत आंगनबाड़ी कार्यकत्री व ग्रामीण मौजूद थे।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal