ग्वालियर- मुख्यमंत्री कल्याणी विवाह सहायता योजना के तहत पुनर्विवाह पर मिलने वाली 2 लाख रुपए की राशि हड़पने के लिए एक शादीशुदा महिला ने खुद को विधवा बताकर अपने ही पति से पुनर्विवाह का फर्जी विवाह पंजीयन करवा लिया। महिला का पति महिला बाल विकास विभाग में संविदाकर्मी था। जब महिला ने पुनर्विवाह का प्रमाण पत्र पेश कर दाे लाख रुपए मांगने के लिए आवेदन किया, तब समिति के सदस्य महिला के पति का नाम देखकर चाैंके। मामले की जांच की गई तो फर्जीवाड़े का खुलासा हो गया।



महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज
यूनिवर्सिटी थाना पुलिस के मुताबिक लक्ष्मीगंज के संजय नगर मोहल्ले में रहने वाली चांदनी गौतम ने अपने पहले पति अशोक कुमार की मौत बताते हुए भीमशरण गौतम से पुनर्विवाह कर मुख्यमंत्री कल्याणी विवाह सहायता योजना के तहत 2 लाख रुपए देने के लिए सामाजिक न्याय विभाग में आवेदन किया था। अधिकारियों ने जैसे ही भीमशरण गौतम का नाम देखा तो वह चौंक गए। जांच के दौरान पता चला कि भीमशरण और चांदनी की शादी 2014 में हुई थी। दोनों का एक बेटा भी है। शादी के बाद करीब ढाई साल भीमशरण ने महिला बाल विकास विभाग में नौकरी की। संविदा अवधि समाप्त होने पर उसे हटा दिया गया था। उसकी पत्नी चांदनी ने 2 लाख रुपए की राशि हड़पने के लिए पहले खुद को अशोक कुमार निवासी घोसीपुरा की विधवा बताया। अशोक का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया। इसके बाद भीमशरण के साथ जून 2018 में पुनर्विवाह करना बताया। उसने भीमशरण के साथ विवाह का पंजीयन प्रमाण-पत्र भी बनवा लिया। यह सभी दस्तावेज बनवाकर उसने 14 जून को सामाजिक न्याय विभाग के कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया। जांच में चांदनी के ये सारे दस्तावेज फर्जी निकले। उसके खिलाफ थाने में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया है। महिला और उसके पति की तलाश की जा रही है। विभाग के अफसरों का अनुमान है कि भीमशरण विभाग में काम कर चुका है। उसे योजनाओं के बारे में पता है। संभवत: उसी ने दलालों के माध्यम से ये फर्जी दस्तावेज बनवाए होंगे।
जिम्मेदार बोले- सभी प्रकरणों की कराई जाएगी जांच
सामाजिक न्याय विभाग के संयुक्त संचालक राजीव सिंह ने बताया कि इस प्रकरण के खुलासे के बाद मुख्यमंत्री कल्याणी विवाह सहायता योजना के तहत आए ऐसे सभी आवेदनों की जांच कराई जाएगी। जिनके आवेदन अभी लंबित हैं, उनमें पूरी पड़ताल के बाद ही सहायता राशि के लिए मंजूरी दी जाएगी।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal