ग्वालियर- बिलौआ थाने के स्टाफ को धक्का दुष्कर्म का आरोपी देकर भाग गया। पुलिसकर्मी आरोपी का मेडिकल कराने के लिए अस्पताल ले गए थे, जहां से उसे थाने वापस ला रहे थे। बीच में ढाबे पर खाना खाने के लिए गाड़ी रोकी तो आरोपी पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भाग गया। कमाल की बात तो यह है कि बिलौआ थाने का एसआई और तीन सिपाही मिलकर एक आरोपी को नहीं संभाल पाए। पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आने के बाद एसपी नवनीत भसीन ने चारों को निलंबित कर दिया।

2 जून को बिलौआ की रहने वाली एक महिला ने बग्गा कड़ेरे और पिंटू गुर्जर पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था, तभी से यह दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। गुरुवार को बग्गा कोर्ट में हाजिर हुआ था। यहां से उसे 31 अगस्त तक की पुलिस रिमांड पर लिया था। रिमांड के दूसरे दिन मेडिकल के लिए उसे एसआई पीएन वर्मा, सिपाही शैलेंद्र शर्मा, हरेंद्र गुर्जर, कल्याण सिंह डबरा अस्पताल ले गए थे। यहां उसका मेडिकल कराने के बाद उसे वापस थाने ला रहे थे। शाम करीब 4.30 बजे पुलिसकर्मियों ने बिलौआ के पास स्थित बघेल ढाबे पर गाड़ी रोक दी।
यहां यह लोग खाना खाने के लिए उतरे। इसी दौरान आरोपी भी नीचे उतर आया। चारों बातों में मशगूल हो गए, तभी आरोपी ने धक्का दिया और भाग गया। आरोपी के भागने के बाद यह लोग पहले तो काफी देर तक ढूंढते रहे। इसके बाद टीआई अखिलेश पुरी गोस्वामी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों को बताया। एसपी नवनीत भसीन के पास जब जानकारी पहुंची तो उन्होंने इस लापरवाही पर एसआई और तीनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया। आरोपी की तलाश में उसके घर और रिश्तेदारों यहां पुलिस ने दबिश दी।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal